

नई दिल्ली, 04 सितंबर। बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही देश की एक लोकसभा और 65 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग ने कहा है कि बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया 29 नवंबर से पहले कर ली जाएगी। हालांकि, अभी तक बिहार चुनाव की तारीखों को लेकर कोई एलान नहीं हुआ है, लेकिन जल्द ही इस संबंध में घोषणा की जाएगी। उपचुनाव और बिहार विधानसभा चुनाव को एक साथ कराने के पीछे की वजह कानून व्यवस्था और संबंधित रसद की आसानी से आवाजाही सुनिश्चित करना है।
आयोग ने कहा, बिहार विधानसभा चुनावों की समय सारणी के साथ-साथ इन उपचुनावों की घोषणा उचित समय पर करेगा। गौरतलब है कि बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कोरोना काल में यह पहला चुनाव होगा।
64 विधानसभा सीटों, एक संसदीय सीट पर उपचुनाव होने हैं
बिहार विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 29 नवंबर तक है। उससे पहले चुनाव संपन्न होना जरूरी है। चुनाव आयोग ने बताया कि अलग-अलग राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और एक संसदीय सीट पर उपचुनाव भी होने हैं। लेकिन, कई राज्य भारी बारिश और महामारी जैसी वजहों से उपचुनाव टालना चाहते हैं। ऐसे राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य चुनाव अधिकारियों की रिपोर्ट और इनपुट का रिव्यू करते हुए बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान ही उपचुनाव करवाने का फैसला लिया गया।
इन 8 राज्यों में होने हैं उपचुनाव
1. मध्य प्रदेश 2. उत्तर प्रदेश 3. गुजरात 4. हरियाणा 5. तमिलनाडु 6. असम 7. केरल 8. नागालैंड
इन 4 राज्यों ने की थी चुनाव टालने की मांग
1. मध्य प्रदेश 2. गुजरात 3. हरियाणा 4. केरल