ग्वालियर, 24 अगस्त। भाजपा के सदस्यता अभियान के तीसरे दिन सोमवार सुबह शहर की पूर्व महापौर और विधानसभा चुनाव में बागी हुई समीक्षा गुप्ता की घर वापसी हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका एक बार फिर परिवार में स्वागत करते हुए सदस्यता के प्रतीक के तौर पर भाजपा का उत्तरीय पहनाया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर औऱ राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहे। सिंधिया ने ट्वीट कर समीक्षा गुप्ता का घर वापसी पर स्वागत किया। पार्टी सूत्रों का दावा है कि समीक्षा गुप्ता की घर वापसी के साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग में 35 हजार से भी अधिक कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए हैं।

टिकट नहीं मिला तो गुलामों की पार्टी कह छोड़ दी थी भाजपा

समीक्षा गुप्ता ने 2018 के विधानसभा चुनाव में ग्वालियर दक्षिण से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिला तो बगावत कर दी थी। समीक्षा ने अपने आवास पर आयोजित जन-दरबार में आरोप लगाया था कि भाजपा में काम करने वालों की नहीं बल्कि गुलामों की जरूरत है। समीक्षा का उस दौरान आरोप था कि भाजपा में परिवारवाद सबसे ज्यादा है। उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा ने नारायण सिंह कुशवाह को प्रत्याशी बनाया था।

जब कांग्रेस से नहीं मिली थी टिकट, निर्दलीय लड़ीं, भाजपा को हराया
समीक्षा गुप्ता के कांग्रेस में जाने की चर्चाएं चलीं, लेकिन कांग्रेस ने इस सीट से नए चेहरे के रूप में प्रवीण पाठक को टिकट दे दिया तो समीक्षा ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में फॉर्म भर दिया था। हालांकि उन्हें इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उनकी वजह से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी और पहले दो बार जीत चुके पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह को हार मिली थी। समीक्षा को करीब 30 हजार वोट मिले थे, और नारायण सिंह प्रवीण पाठक से महज़ 121 वोट पीछे रह गए थे। माना गया था कि नारायण सिहं से असंतुष्ट भाजपा के परंपरागत वोट समीक्षा की झोली में जा गिरे थे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *