
ग्वालियर, 23 अगस्त। कमलनाथ ने उपचुनाव के लिए ग्वालियर में वार रूम संचालित करने की रणनीति के तहत अंचल 16 सीटों पर कामयाबी के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। प्रदेश प्रवक्ता केके श्रीवास्तव को सक्रिय कर उन्होने पहल की और भाजपा के सदस्यता अभियान का शुभारंभ पर कांग्रेसियों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन कर ताकत दिखाने की कोशिश भी की। दिग्विजय सिंह ने भी शहर में 5 मिनट का धरना देकर सक्रियता दर्ज कराई। हालांकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ज़बरदस्त पलटवार किया। सिंधिया ने कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन पर चुटकी ली तो शिवराज सिंह ने कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ के अलावा प्रदेश के बाकी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अनाथ होने का तंज कसा।
ग्वालियर-चंबल अंचल में 16 सीटों के उपचुनाव के लिए अब कांग्रेस और भाजपा में घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस पहले ही प्रदेश प्रवक्ता केके श्रीवास्तव को ग्वालियर में प्रवास कराकर शुरुआत कर दी थी। जवाब में भाजपा ने अंचल भर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजापा का सदस्य बनाने के लिए तीन दिवसीय अभियान चला दिया। इस बीच दिग्विजय सिंह भी शहर आए और सिंधिया को पुराने बयानों के आधार पर घेरने की कोशिश की। उधर राजधानी भोपाल में कमलनाथ ने सिंधिया पर कांग्रेस और प्रदेश की जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाया।
कमलनाथ पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ज्योतिरादित्य सिंधिया का बचाव किया और कमलनाथ पर कांग्रेस को प्रदेश में भी पारिवारिक पार्टी बना डालने का आरोप लगाया। शिवराज सिंह ने कहा कि कमलनाथ और नकुलनाथ के अलावा प्रदेश में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अनाथ महसूस कर रहा है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कांग्रेसियों के उनपर हमले और विरोध प्रदर्शन पर चुटकी लेते हुए कहा कि मैं कांग्रेसियों को धन्यवाद देता हूं, आखिर मेरी वजह से ही सही, जनता को लंबें समय से निष्क्रिय पड़े कांग्रेसियों के दर्शन तो हुए।