नई दिल्‍ली, 02 अगस्त। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह COVID-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। रविवार शाम स्वयं ट्वीट कर उन्होंने यह जानकारी दी। अमित शाह की तबीयत तो ठीक है, लेकिन चिकित्सकों के परामर्श पर उन्‍हें अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। शाह ने ट्वीट में लिखा कि शुरुआती लक्षण दिखने पर उन्‍होंने टेस्‍ट कराया था, और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्‍होंने लोगों से अनुरोध किया जो भी पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में आएं हों, वे खुद को आइसोलेट करवा कर जांच कराएं। देश में COVID-19 के कहर की तस्वीर इसी बात से स्पष्ट हो जाती है कि आमजन के साथ ही विश़िष्ट जन भी इसके संक्रमण से बच नहीं पा रहे हैं। गौरतलब हे कि रविवार को ही उत्तरप्रदेश की मंत्री कमल रानी वरुण की कोरोना से मौत हुई है।  

कोरोना के विरुद्ध देश और दिल्ली के संघर्ष की कर रहे थे निगरानी

देश में COVID-19 की स्थिति अनियंत्रित होने के बाद से शाह लगातार व्यक्तिगत तौर पर देखरेख में लगे थे। राजधानी दिल्‍ली की स्थिति को उन्‍होंने गृह और स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर लगातार COVID-19 की ताजा स्थिति पर पर दृष्ट् जमाए हुए थे। लॉकडाउन के बाद देश में अनलॉक की प्रक्रिया को लेकर गाइडलाइंस तैयार करवाने में भी गृहमंत्री के नाते उनकी अहम भूमिका रही है।

देश में अनियंत्रित होती जा रही हैं स्थितियां  

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 17 लाख 56 हजार 220 हो गई है। इनमें 5.70 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। इनमें से भी करीब 9 हजार की हालत गंभीर है। अब भारत विश्व में दूसरे नंबर पर है। अब तक 18,720 क्रिटिकल केस के साथ अमेरिका पहले नंबर पर और 8,318 क्रिटिकल केस के साथ ब्राजील तीसरे नंबर पर है। सबसे ज्यादा संक्रमण वाले इन 3 देशों के आंकड़ों को प्रतिशत में देखें तो भारत में सबसे ज्यादा 1.57% मरीजों की हालत गंभीर है। भारत में अभी जिन मरीजों का इलाज चल रहा है, उनमें से हर 200 संक्रमितों में से 3 की हालत गंभीर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *