




ग्वालियर, 18 जनवरी। हजीरा मण्डी से विस्थापित कर इंटक मैदान की नई मण्डी में भेजे गए सब्जी व्यापारी विस्थापन को तैयार नहीं है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नई व्यवस्था अस्थाई है, इसलिए वहां तब तक व्यापार नहीं करेंगे जब तक व्यवस्था के स्थाई होने का आश्वासन नहीं मिल जाता। असंतुष्ट व्यापारियों से मिलने मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शुक्रवार सुबह नई व पुरानी मण्डी पहुंचे। मंत्री ने उपस्थित व्यापारियों से मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि नई व्यवस्था पूरी तरह स्थाई रहेगी और और यहां पुरानी मण्डी से अधिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगीं। ऊर्जा मंत्री बोले–व्यापारी मन में भ्रम न रखें, नई मण्डी स्थाई रहेगी, सुविधाएं भी मिलेंगी ज्यादा….
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शुक्रवार को सुबह ही पांच दिन से प्रदर्शन के कर रहे सब्जी मण्डी व्यापारियों से मिलने पहुंच गए। व्यापारियों से मिलकर मंत्री ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों के मन में पनप रहे भ्रम निराधार हैं। नई मण्डी व्यवस्था अस्थाई नहीं है। जो उपक्रम इंटक मैदान में हैं वह सरकारी जमीन पर हैं। इसलिए सब्जी व्यापारियों को दिए गए शैड स्थाई रहेंगे।
मंत्री ने कहा नई मण्डी में व्यापारियों का अधिकार उनके हाथ दिया
मण्डी में दुकान वितरण व्यवस्था को स्पष्ट करते हुए प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि इसकी डोर खुद व्यापारियों के हाथों में थमा दी है। दुकानें उसी तरह आवंटित की जानी जिस तरह पुरानी मण्डी में थीं। जिन्हें पुरानी मण्डी में दुकानें आवंटित थीं उन्हें मिलने के बाद शेष का वितरण भी व्यापारी खुद ही आपसी समझ-बूझ से या लॉटरी डालकर कर सकेंगे। इसमें कोई बाहरी दखल नहीं होगा। प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भरोसा दिलाया कि नई व्यवस्था ज्यादा सुविधाजनक बनाई जाएगी। नई मण्डी में मौजूद दुकानदारों ने भी संतोष जताते हुए नई मण्डी में व्यापार को ज्यादा सुगम बताया।