दतिया, 16 अक्टूबर। उत्तरप्रदेश के झांसी में शुक्रवार को एक नहर में डूबने से एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें सात महिलाएं और चार बच्‍चे शामिल हैं। हादसे का शिकार हुआ परिवार मध्यप्रदेश के दतिया जिले के पंडोखर का निवासी है। सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर के सामने अचानक एक दूसरा ट्रैक्टर आ गया। बचने के लिए अचानक मोड़ लेते ही ट्रॉली पलट गई और नहर में जा गिरी। नहर में पानी होने के कारण ट्रॉली के नीचे दबे 11 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के भांडेर रोड पर दोपहर 2 बजे हुआ।

मन्नत पूरी हुई, किलकारियां गूंजी, धन्यवाद के जवारे अर्पित करने जा रहे थे मंदिर

पंडोखर के रहने वाले तीन भाई पवन और अनिल सुनील दोहरे अन्य 17 परिजन व पड़ोसियों के साथ झांसी के छिरौना गांव में देई बाबा मंदिर जा रहे थे। इन्हें नवरात्रि पर जवारे मंदिर में अर्पित करना था। सुनील ने बताया कि पवन और अनिल की शादी के 6-7 साल बाद भी किलकारियों नहीं गूंजी थीं। परिवार ने देई बाबा मंदिर में संतान के लिए मन्नत मांगी थी। करीब डेढ़ साल पहले अनिल को बच्चा हुआ। जिसका नाम उन्होंने अवि रखा, उसके नौ माह बाद अनिल के घर भी किलकारी गूंजी। बच्चों की खुशी मिलने पर देई बाबा का धन्यवाद ज्ञापित करने परिवार नवमी को जवारे चढ़ाने निकला था। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे में सुनील दोहरे ने मां मुन्नीदेवी, बहू पूजा, बेटी कर्षा, डेढ़ साल के भतीजे अवि और 2 साल की भांजी परी को हमेशा के लिए खो दिया। सुनील की पत्नी अर्चना हादसे में घायल है। सुनील का कहना है कि दो लोगों की सांसें चल रही थीं। यदि एंबुलेंस में ऑक्सीजन होती तो उनकी जान बच जाती। दतिया कलेक्टर संजय कुमार ने बताया कि सभी परिजन को नियमानुसार सहायता राशि दिलाई जाएगी।

हादसे में इनकी गई जान
पुष्पा देवी (45 साल) पत्नी जानकी, मुन्नी देवी (45) पत्नी स्व. मोतीलाल

सुनीता (42) पत्नी रविंद्र, पूजा देवी (25) पत्नी अनिल

राजो (45) पत्नी कैलाश, प्रेमवती (45) पत्नी जसमंत

कुसुमा देवी (55) पत्नी मनीराम, करस्या (9 माह) पुत्री अनिल

परी (2 साल) पुत्री नीरू, अनुष्का (3 साल) पुत्री बंटी और अवि (1.5 साल) साल पुत्र पवन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *