मुंबई, 23 जुलाई। महाराष्ट्र में इन दिनों आफत की बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बारिश का कहर सबसे ज्यादा रायगढ़ जिले पर दिख रहा है। यहां भूस्खलन की वजह से 38 लोगों की मौत हो गई है जबकि दर्जनों गायब हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। भारी बारिश के कारण राहत कार्य में यहां भारी दिक्कत आ रही है। बारिश प्रभावित इलाकों में इस कहर से ख़बर लिखे जाने तक 70 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

महाराष्ट्र में बारिश ने मचाई प्रलय, अब तक 70 की मौत 30 ज्यादा मलबे में दबे

महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर, ठाणे और नागपुर के कई हिस्सों में बाढ़ आ गई  है। बारिश के कारण राज्य में अब तक 70 लोगों की जान जा चुकी है। रायगढ़ के तलई गांव में लगातार हो रही बारिश से पहाड़ का मलबा गिर गया। इसके नीचे 35 घर दब गए। इस हादसे में ख़बर लिखे जाने तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 70 से ज्यादा लोग लापता हैं। रेस्क्यू टीमें अब तक 15 लोगों को बचाने में कामयाब हुई हैं। मलबे में 30 से ज्यादा लोग अब भी दबे हुए बताए जा रहे हैं। इसलिए आशंका है कि मृतकों की और बढ़ सकती है। 

सतारा जिले में भूस्खलन की वजह से 12 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि मुंबई में एक इमारत गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई। राज्य में अभी तक 70 लोगों की मौत हो चुकी है। एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। हालांकि, भारी बारिश के कारण राहत कार्य में यहां भारी दिक्कत आ रही है।

महाराष्ट्र में बाढ़ के हालात पर पूरी नजर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायगढ़ हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया–  महाराष्ट्र में बाढ़ के हालात पर पूरी नजर बनी हुई है। पीड़ित परिवारों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। केंद्र सरकार की ओर से पूरी मदद की जा रही है। रक्षा मंत्री रजानाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने हादसे पर दुख जताया है।

मुंबई और कोंकण के लिए रेड अलर्ट जारी, ट्रेनें रद्द, 700 लोगो का रेस्क्यू

मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए कोंकण, मुंबई और इसके आसपास के जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। एनडीआरएफ की टीम बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है। कोंकण डिवीजन में अब तक बाढ़ में फंसे 700 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। कोंकण रेल रूट पर कई जगह लैंडस्लाइड हुई है। रत्नागिरी जिले में बारिश के कारण रेल सेवा बंद कर दी गई है अलग-अलग जगहों पर करीब पांच हजार से ज्यादा यात्री फंसे हुए हैं। इन्हें निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीमों को लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *