

ग्वालियर/भिंड, 28 मार्च। मध्यप्रदेश में बहुचर्चित ‘देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड‘ में आरोपी बनाए गए दमोह जिले की पथरिया विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह परिहार को भिंड से पकड़ लिया गया है। परिहार ने रविवार सुबह वीडियो वायरल कर आत्मसमर्पण का दावा किया है। चर्चा है कि वह विगत 3 दिन से ग्वालियर-भिंड में घूम रहा था। हालांकि अभी बसपा विधायक के पति की गिरफ्तारी पर STF खुलकर नहीं बोल रही है।
शनिवार को भी विधायक रामबाई के पति का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उसने भिंड में आत्मसमर्पण का दावा किया था। ज्ञातव्य है कि विधायक रामबाई सिंह परिहार के पति गोविंद सिंह का नाम दो महीने पहले हटा निवासी देवेंद्र चौरसिया की हत्या में आया था, तब से वह फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए राजनीतिक दबाव बढने से पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। गोविंद सिंह की गिरफ्तारी के लिए सुप्रीम कोर्ट ने भी प्रदेश के डीजीपी और सरकार को दो बार फटकार लगाई थी। सूत्रों के मुताबिक भिंड के बसपा विधायक संजीव सिंह की पहल पर शनिवार को विधायक पति गोविंद सिंह परिहार का भिंड बस-स्टैंड पर ग्वालियर STF के समक्ष समर्पण करा कर गिरफ्तार कर लिया गया।
एक दिन पहले वीडियो हुआ वायरल
आरोपी गोविंद सिंह ने 27 मार्च देर रात एक वीडियो वायरल किया था। जिसमें वह कहा रहा है कि BSP विधायक पत्नी रामबाई के कहने पर वह सरेंडर कर रहा है, लेकिन वह आरोपी नहीं है। सोशल मीडिया के माध्यम से पत्नी ने उसे सरेंडर करने की अपील की थी, इसलिए वह भिंड जिले के किसी भी थाना क्षेत्र में सरेंडर करने जा रहा है। वीडियो में उसने यह भी कहा है कि यह वीडियो 27 मार्च सुबह 5 बजे बनाया है। गोविंद सिंह ने चुनौती दी है कि यदि वह दोषी साबित होता है तो उसे चौराहे पर फांसी पर लटका दिया जाए।
BSP का अंचल में प्रभाव, इसलिए भिंड में समर्पण
पथरिया और भिंड विधानसभा दोनों पर विधायक बहुजन समाज पार्टी के हैं। प्रदेशभर में दो ही बसपा के विधायक हैं, इसलिए दोनों के बीच घनिष्टता होना स्वाभाविक है। पथरिया विधायक रामबाई सिंह परिहार को हर हाल में पति का समर्पण कराना चाहती थीं, लेकिन आपने आसपास विरोधी माहौल होने की वजह से समर्पण भिंड में कराना उचित समझा, क्योकि यहा विधायक संजीव सिंह का प्रभाव है। इसके साथ ही भिंड जिले में BSP के कई प्रदेश स्तर के पदाधिकारी हैं, और BSP प्रदेशाध्यक्ष मुरैना से होने के नाते उनकी भी क्षेत्र में गहरी पकड़ है।