





खंडवा, 03 दिसंबर। जिले के खालवा थाना क्षेत्र में बैतूल हाइवे पर महलू गांव के पास गुरुवार दोपहर बरात लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। दुर्घटना में दूल्हा व उसकी मां समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें खंडवा जिला अस्पताल रैफर किया गया है। विवाह के मंगल स्वर मातम में बदले, दूल्हे की हुई मौत दुल्हन करती रह गई इंतजार….
खालवा के गारबेड़ी से कुंअर सिंह दूल्हा बन ट्रैक्टर-ट्रॉली से बारात ले जा रहा था। ट्रॉली में दूल्हे की मां व दूसरी रिश्तेदार महिलाएं, बच्चों समेत करीब 35 लोग सवार थे। ट्रॉली में हंसी-खुशी का माहौल था, मंगल गीत गाए जा रहे थे। ट्रैक्टर जब रोशनी पुलिस चौकी क्षेत्र के महलू गांव के पास पुलिया के ऊपर से गुजरी तभी ट्रॉली का संतुलन बिगड़ा और ट्रैक्टर समेत 15 फीट नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। हादसे में दूल्हा कुंअर सिंह और उसकी मां भागवती बाई की भी मौत हो गई। इसके अलावा सरजूबाई पति गोविंद, बुधियाबाई पति भागीरथ, तुलसाबाई पति हीरा और गोपीबाई पति मंशाराम की भी मौत हो गई।
पल भर पहले गाए जा रहे मंगल गीतों के स्वर मातम में बदल गए। दुर्घटना में 30 से भी अधिक लोग घायल हुए हैं, इनमें से 6 की हालत गंभीर है। वाहन में 70 से अधिक लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि बारात मौजवाड़ी से ग्राम मेहलू जा रही थी। मेहलू से 5 किमी पहले हादसा हुआ, जबकि दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार करता रह गया।
दुर्घटना स्थल पर पहुंचे खंडवा के पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि घायलों को लाने के लिए पांच एंबुलेंस भेजी गई। घायलों को रोशनी और खालवा के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। मृतकों को पंचायत की ओर से छह-छह हजार रुपए की राहत राशि दी गई है। सूत्रों के अनुसार पुलिया के आस-पास रैलिंग नहीं लगी थी।