सतना। अंधी रफ्तार से दौड़ रही बस,सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से भिड़ गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। ये बस, प्रयागराज से नागपुर जा रही थी, इसी बीच अमरपाटन और मैहर के बीच हादसे का शिकार हो गई। बस के कैबिन और आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को ज्यादा चोटें आई। इनमें 6 लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि 3 यात्रियों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने बताया कि यह बस प्रयागराज से नागपुर जा रही थी। जब यह बस देहात थाना क्षेत्र के आगे आई है तब एक पत्थर से भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर काफी जोरदार थी। बस का अगला हिस्सा काफी डैमेज हो गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। मौके पर छह यात्रियों की मौत हो गई। करीब 23 लोग इस हादसे में घायल हो गए हैं। ऐसी जानकारी है कि अस्पताल में भर्ती घायलों में तीन और की मौत हो गई है। वहीं दूसरी तरफ मिली जानकारी के मुताबिक, आभा ट्रेवल्स की स्लीपर बस शनिवार रात 11 बजे प्रयागराज से नागपुर जा रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर सड़क किनारे एक ट्रक खड़ी थी। बस की रफ्तार काफी तेज थी। तभी बस ट्रक से टकरा गई। तेज स्पीड होने के चलते बस की आधी चेसिस और बॉडी टूटकर बिखर गई। हादसे के बाद सवार यात्री बस के अंदर फंस गए। जेसीबी और गैस कटर की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *