मुरैना, 25 सितम्बर। केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को एबी रोड पर बनाए गए नवीन कलेक्ट्रेट भवन का फीता काटकर शुभारंभ किया और आज से ही नवीन कलेक्ट्रेट में शासकीय कामकाज शुरू हो गया है। नवीन कलेक्ट्रेट भवन को 15 करोड़ 7 लाख 60 हजार रूपये की लागत से बनाया गया है। नए कलेक्ट्रेट का निर्माण होने से सरकारी कामों में आसानी होगी एवं कार्य तेज गति से हो सकेंगे। नवीन कलेक्ट्रेट के शुभारंभ के मौके पर पूर्व मंत्री रूस्तम सिंह, पूर्व विधायक रघुराज सिंह कंषाना, भाजपा जिलाध्यक्ष, चंबल कमिश्नर आरके मिश्रा, कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री ने नए कलेक्टर भवन के उद्घाटन के लिए जिले के सभी लोगों को बधाई दी और कहा कि कलेक्ट्रेट भवन बनाने की योजना पहले ही बना ली गई थी, लेकिन आज इसे मूर्त रूप दिया गया है। आपको बता दें, कि प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान के 10 सितंबर को अपने मुरैना आने के दौरान नवीन कलेक्ट्रेट का लोकार्पण तो हो चुका था, लेकिन आज केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने इसका पूजन के साथ विधिवत शुभारंभ किया है।