वॉशिंगटन । अमेरिका और भारत ने आपूर्ति सुरक्षा व्यवस्था (सिक्योरिटी ऑफ सप्लाई अरेंजमेंट) पर हस्ताक्षर किए हैं। ये समझौता अमेरिकी रक्षा विभाग (डीओडी) और भारतीय रक्षा मंत्रालय (एमओडी) के बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अमेरिका यात्रा के दौरान 22 अगस्त को हुआ है। अमरीकी रक्षा विभाग ने कहा कि इस समझौते से अमरीका और भारत राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रोत्साहन देने वाली वस्तुओं और सेवाओं के लिए आपसी सहायता प्रदान करने पर सहमत हैं। यह सौदा संकट के समय काफी अहम हो जाता है, जब किसी देश की तत्काल जरूरतें होती है। समझौता अब दीर्घकालिक आपूर्ति श्रृंखला स्थिरता को बढ़ावा देगा।

रक्षा मंत्री सिंह ने बताया कि वॉशिंगटन डीसी में दो महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए हैं। आपूर्ति सुरक्षा व्यवस्था (एसओएसए) के जरिए अमेरिका और भारत राष्ट्रीय रक्षा को बढ़ावा देने वाली वस्तुओं और सेवाओं के लिए पारस्परिक प्राथमिकता समर्थन देने के लिए सहमत हैं। अमेरिकी रक्षा विभाग (डीओडी) ने कहा कि आपूर्ति सुरक्षा व्यवस्था दोनों देशों के रक्षा संबंधों के लिए महत्वपूर्ण है। साथ ही यह अमेरिका-भारत रक्षा प्रौद्योगिकी और व्यापार पहल (डीटीटीआई) को मजबूत करने में भी अहम रोल निभाएगी।

इस समझौते के मुताबिक, अमेरिका रक्षा प्राथमिकता और आवंटन प्रणाली (डीपीएएस) के तहत भारत को आश्वासन प्रदान करेगा। इसके बदले में भारत औद्योगिक आधार के साथ एक तंत्र स्थापित करेगा। ये समझौते शांतिकाल, आपात स्थितियों और सशस्त्र संघर्षों में आपूर्ति श्रृंखला के मुद्दों को संबोधित करने के लिए प्रक्रिया स्थापित करता है। ये समझौता रक्षा विभाग को उस देश की कंपनियों से अनुबंध करने में सक्षम बनाता है, जिसके साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते में एक प्रतिबद्धता है जो दोनों पक्षों को जरूरत पड़ने पर महत्वपूर्ण आपूर्ति, खनिजों और प्रौद्योगिकियों तक अधिक तेजी से पहुंच प्रदान करती है। भारत यूएस का 18वां एसओएसए भागीदार है। भारत और अमेरिका के इस समझौते की घोषणा पिछले साल लॉयड ऑस्टिन की भारत यात्रा के दौरान अमेरिका-भारत रक्षा औद्योगिक सहयोग के लिए एक नए रोडमैप के हिस्से के रूप में की गई थी। रक्षा मंत्री सिंह वर्तमान में 23 से 26 अगस्त तक अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उनकी यह यात्रा अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के निमंत्रण पर हो रही है। अपनी यात्रा के दौरान सिंह पेंटागन में अपने अमेरिकी समकक्ष ऑस्टिन और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन के साथ द्विपक्षीय बैठक करने वाले है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *