बिहार में सीतामढ़ी के कोरियाही गांव में शनिवार को दोपहर 12 बजे होगा अंतिम संस्कार

भोपाल । भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा का शुक्रवार सुबह 5 बजे निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। 67 वर्षीय झा लंबे समय से बीमार थे। उनके निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। झा के बेटे अयत्न ने कहा कि अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर 12 बजे बिहार के सीतामढ़ी जिले के कोरियाही गांव में होगा। प्रभात झा को करीब 26 दिन पहले भोपाल के एक निजी अस्पताल से एयरलिफ्ट कर गुरुग्राम ले जाया गया था।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें। मध्यप्रदेश के विकास में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका सदैव हमे प्रेरित करेगी। आपका निधन राजनैतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, भाजपा प्रभात जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन संगठन के लिए समर्पित कर दिया। मध्य प्रदेश संगठन के विस्तार एवं उसको सुदृण बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। समय समय पर मुझे उनका मार्गदर्शन एवं स्नेह मिलता रहा है, उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।

वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने झा के निधन पर शोक जताते हुए कहा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात जी झा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। प्रभात जी का सम्पूर्ण जीवन समाज सेवा हेतु समर्पित रहा, उनका निधन अपूर्णीय क्षति हैं। बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों को यह वज्रपात सहने हेतु संबल प्रदान करे| कांग्रेस नेता व वरिष्ठ वकील विवेक तन्खा ने झा के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रभात झा के निधन के समाचार से आहत हूँ, श्री झा सहज, संवेदनशील व्यक्तित्व के राजनीतिक थे। हम संसद के सेंट्रल हाल की काफी टेबिल सहित अनेक सम्वादों में साथ रहे। उनकी मित्रता, सौजन्यता हमेशा याद रहेगी। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

प्रभात झा मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उनका जन्म 4 जून 1957 को बिहार के दरभंगा के हरिहरपुर गांव में हुआ था। वे परिवार के साथ मध्यप्रदेश के ग्वालियर आ गए थे। प्रारंभिक शिक्षा के बाद प्रभात झा ने ग्वालियर के पीजीवी कॉलेज से बीएससी, माधव कॉलेज से राजनीति शास्त्र में एमए और एमएलबी कॉलेज से एलएलबी की डिग्री ली। उनकी शादी रंजना झा से हुई थी। दो बेटे हैं। बड़े बेटे तुष्मुल और छोटे अयत्न झा हैं। शादी के बाद वे पत्रकारिता करने लगे। लंबे समय तक पत्रकारिता के बाद वे राजनीति में आए और बीजेपी के सदस्य बने। प्रभात झा बीजेपी के मुखपत्र कमल संदेश के संपादक रहे। उन्होंने कई किताबें भी लिखीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *