हाथरस। उत्तरप्रदेश के हाथरस लोकसभा सीट से वर्तमान भाजपा सांसद राजवीर दिलेर का हृदय घात से निधन हो गया। अलीगढ़ के वरुण अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर फैल गई है। अचानक सांसद राजवीर दिलेर की मौत भाजपा के लिए बड़ी क्षति है। राजवीर दिलेर भाजपा के टिकट पर 2019 में लोकसभा चुनाव जीत कर संसद पहुंचे थे। बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने इस बार अनूप प्रधान को मैदान में उतारा है। जानकारी के अनुसार राजवीर सिंह दिलेर पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। अचानक सांसद राजवीर दिलेर की मौत भाजपा के लिए बड़ी क्षति है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा है, ‘हाथरस लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजवीर सिंह दिलेर का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद एवं भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों और उनके समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’
राजवीर सिंह दिलेर के पिता किशन लाल दिलेर हाथरस सीट से साल 1996 से लेकर 2004 तक लगातार चार बार सांसद रहे थे. उन्होंने 1996 1998 1999 तथा 2004 लगातार चार बार इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद के रूप में प्रतिनिधित्व किया था। कुल मिलाकर पिता और पुत्र दोनों का हाथरस सीट से गहरा नाता था।  गौरतलब है, कि राजवीर दिलेर सासंद बनने से पहले अलीगढ़ की इगलास विधानसभा से 2017 में विधायक भी रह चुके हैं। विधायक रहते हुए उन्होंने संसद का चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। उनकी छवि बेदाग थी। राजवीर सिंह दिलेर टिकट न मिलने के बाद भी पार्टी के लिए काम कर रहे थे। वह दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अलीगढ़ में हुई जनसभा में पहुंचे थे। इसके अलावा हाथरस और अलीगढ़ में पार्टी के चल रहे कार्यक्रमों में भी सक्रिय दिख रहे थे। इस सीट पर 7 मई को वोटिंग होनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *