विपक्षी गठबंधन एक-दूसरे के समर्थन के लिए, हम जनता के उत्थान को समर्पित हैं- स्मृति ईरांनी

खजुराहो में कांग्रेस मैदान छोड़ चुकी है, समाजवादी पार्टी को उम्मीदवार नहीं मिल रहे- डॉ. मोहन यादव

जो प्रत्याशी तय नहीं कर पा रहे है वे जनता का हित क्या तय करेंगे-  विष्णुदत्त शर्मा

पन्ना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरा देश अबकी बार 400 पार का रास्ता देख रहा है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में तो कांग्रेस पार्टी ने मैदान छोड़ दिया है, समाजवादी पार्टी को उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश से प्रत्याशी लेकर समाजवादी पार्टी आई, फिर दो दिन बाद ही प्रत्याशी बदल दिया। मैं उस क्षेत्र से सांसद हूं जहां पर पांच दशक तक एक खानदान का ही राज रहा है। उस क्षेत्र में कभी भारतीय जनता पार्टी का पटका पहनना मौत का सामान घर लाने जैसा था। माथे पर तिलक लगाना, होंठों पर राम का नाम होना राजनीतिक अभिशाप माना जाता था। उस क्षेत्र में कांग्रेस का हाथ तो था ही, संग संग साइकिल भी चलती थीं। लेकिन भाजपा के कार्यकर्ताओं ने हाथ को साफ किया और साइकिल को पंचर कर दिया। यह जमाना है वंदे भारत का, लेकिन वह आज भी साइकिल पर चलते हैं। आप ने पिछला चुनाव जिताकर जिस कमल के पुष्प को दिल्ली भेजा था, आज वह स्वर्ण कमल का फूल बनकर आपकी सेवा में सदैव तत्पर है। यह बात केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  विष्णुदत्त शर्मा, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने पन्ना में रोड शो एवं जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल, लखन पटेल,दिलीप अहिरवार, वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी एवं पूर्व मंत्री व विधायक  बृजेन्द्र प्रताप सिंह, राजेश वर्मा ने भी संबोधित किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने किया नामांकन दाखिल

जनसभा के पश्चात रोड शो के रूप में जनता का अभिवादन करते हुए नजरबाग ग्राउंड से कोतवाली चौराहा, बलदाऊ मंदिर, अजयगढ चौराहा से पन्ना कलेक्ट्रेट कार्यालय तक रोड शो में शामिल करते हुए जनता का अभिवादन किया। शर्मा ने पार्टी प्रत्याशी के रूप में पन्ना कलेक्टर कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पूर्व मंत्री व विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं संजय पाठक उपस्थित रहे।

जनता का विश्वास भाजपा की ताकत- स्मृति ईरानी

जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि यह कर्मठ कार्यकर्ताओं के संकल्प और संगठन कौशल का ही परिणाम है कि विरोधी पार्टी ने हथियार डालकर, टिकट बदलकर भाजपा की जीत का संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी प्रत्याशी और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को उनकी जीत की अग्रिम बधाई दे रही हूं और यह कोई दुस्साहस या अहंकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता ने हमारी सेवा को देखा, जाना, परखा और फिर से हम पर विश्वास किया। यह मध्यप्रदेश के पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी ताकत है। आज मैं इसी ताकत को नमन करने आई हूं। ईरानी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का सबसे पहला संकेत यह है कि उन्होंने हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के सामने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। दूसरा संकेत यह है कि विधानसभा चुनाव में जो दल एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाते थे, वो सीटों का तालमेल कर रहे हैं।

विपक्ष को इंजेक्शन लगाना है, मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है

ईरानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिसके कभी सिर्फ दो सांसद हुआ करते थे, आज उसका कार्यकर्ता अबकी बार 400 पार का नारा लगाने की क्षमता रखता है। सिर ऊंचा करके विनम्रता के भाव के साथ वोट मांगता है। उन्होंने कहा कि मैं जनता से यह कहना चाहती हूं कि सपा को वोट देना मतलब उन ताकतों को वोट देना है, जो देश के टुकड़े करना चाहती हैं। इसका मतलब उन्हें वोट देना है, जो देश की तिजौरी को लूट चुके हैं और आज भी जिनकी नजर तिजौरी पर है। हमें जनता को बताना है कि कोविड संकट के समय जब हर तरफ मौत मंडरा रही थी और सारे विरोधी दलों के लोग भाग गए थे, तब भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता घर-घर, गांव-गांव जाकर सैनिटाइजर और मास्क बांट रहा था। हर गली में भूखे को खाना खिला रहा था। उस संकट के दौर में इतना विश्वास सिर्फ मोदी जी के मन में ही था कि हम वैक्सीन बनाएंगे, हर हिंदुस्तानी तक पहुंचाएंगे और विदेशों में भी हिंदुस्तानी वेक्सीन का जौहर दिखाएंगे। उस समय कांग्रेस और सपा के लोग वेक्सीन का मजाक उड़ा रहे थे, जनता को वेक्सीन लगवाने से रोक रहे थे।

अगर लुटेरों के हाथ में बागडोर होती, तो क्या हर गरीब को मुफ्त राशन मिलता?

ईरानी ने कहा कि जब आप जनता से आशीर्वाद मांगने जाएं, तो उनसे यह पूछें कि अगर मोदी जी देश के प्रधानसेवक नहीं होते और देश की बागडोर कांग्रेस के हाथ में होती, तो क्या गरीबों तक मुफ्त राशन पहुंच पाता? अगर मोदी जी नहीं होते, तो क्या हर गरीब का बैंक का खाता खुलता? अगर नरेंद्र मोदी जी नहीं होते, तो क्या भव्य राम मंदिर का निर्माण हो पाता? देश की सुरक्षा, महिलाओं का उत्थान, युवा शक्ति को उज्जवल भविष्य और भारत को विकसित भारत बनाने के लिए भाजपा को वोट दें। कांग्रेस की राजनीति की इतनी दुर्गति हो गई है कि वो चुनाव जीतने के लिए आतंकवादी संगठनों से समर्थन मांग रही है। ये वो लोग जो कहते थे कि धारा 370 हटेगी, तो देश टूट जाएगा। ये वो लोग हैं, जो हमारी सेना के शौर्य के प्रमाण मांगते हैं। ये वो लोग हैं जो सत्ता के लिए देशवासियों को यह धमकी देते हैं कि अगर मोदी जी फिर से प्रधानमंत्री बन गए, तो देश में आग लग जाएगी। मैं राहुल गांधी से यह कहना चाहती हूं कि कान खोलकर सुन लो, इस देश को पहले गोरों ने ललकारा था, देश ने उन्हें धूल चटा दी। जिस दुश्मन ने देश को ललकारा, उसे इस देश ने धूल चटा दी। अगर तुमने इस देश को ललकारा, तो देश तुम्हें छोड़ेगा नहीं।

कांग्रेसी नहीं चाहती कि बुंदेलखंड के लोगों की जिंदगी में सुख का सूरज आए- डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रोड शो के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरा देश अबकी बार 400 पार का रास्ता देख रहा है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में तो कांग्रेस पार्टी ने मैदान छोड़ दिया है, समाजवादी पार्टी को उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश से प्रत्याशी लेकर समाजवादी पार्टी आई, फिर दो दिन बाद ही प्रत्याशी बदल दिया। खजुराहो लोकसभा सीट में हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा चुनाव मैदान में हैं। विधानसभा के चुनाव में आप लोगों ने खजुराहो लोकसभा क्षेत्र की सभी आठों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को जिताकर विरोधियों के छक्के छुड़ाते हुए प्रदेश में 163 कमल का फूल खिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग नहीं चाहते कि बुंदेलखंड में हरियाली आए, बुंदेलखंड की आय बढ़े। बुंदेलखंड के किसानों की गरीबों की मजदूरों की जिंदगी में प्रधानमंत्री मोदी जी सुख का सूरज बनकर आए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश लोकसभा में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत से चुनाव जिताने जा रहा है। कांग्रेस नेता पहले बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे, अब उनके एक नेता पदयात्रा कर रहे हैं। पूरे बुंदेलखंड के अंदर जीवन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने विकास की बहार लाकर लोगों के जीवन को सुगम बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *