– मुंबई से अहमदाबाद का पहला कॉरिडोर आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण कई शहरों को जोड़ देगा

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट बुलेट ट्रेन पिछले 10 साल से लगातार चर्चाओं में है। भारत की जनता भी लंबे समय से देश की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार कर रही है। अब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलने वाली यह सुपरफास्ट ट्रेन दो राज्यों की अर्थवव्यस्थाओं को एक करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक कार्यक्रम में बताया कि भारत का बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट प्रगति कर रहा है। मुंबई से अहमदाबाद का पहला कॉरिडोर आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण कई शहरों को आपस में बांध देगा। यह कॉरिडोर कई अर्थव्यवस्था को एकजुट करेगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक रेलवे का प्रोजेक्ट नहीं है। हमें इसे अर्थव्यवस्था के नजरिए से देखना होगा। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे इस पहले बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में मुंबई, ठाणे, वापी, बड़ौदा, सूरत, आनंद और अहमदाबाद को आपस में जोड़ने वाली है। इन सभी शहरों की अर्थव्यवस्था एक हो जाएंगी। बुलेट ट्रेन आने के बाद आप सूरत में नाश्ता कर सकते हैं। फिर मुंबई जाकर अपने काम निपटा सकते हैं और रात में अपने परिवार के पास वापस आ सकते हैं। बुलेट ट्रेन के किराए पर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि फिलहाल जहां भी बुलेट ट्रेन चल रही हैं, उनमें से ज्यादातर देशों में उन्होंने ट्रांसपोर्ट में 90 फीसदी तक हिस्सेदारी हासिल कर ली है। नवंबर, 2021 में काम शुरू होने के बाद से मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर लगातार प्रगति कर रहा है। वियाडक्ट का पहला किलोमीटर छह महीने में और 50वां अप्रैल, 2023 तक बनकर तैयार हो गया। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मुंबई अहमदाबाद कॉरिडोर में 8 नदियों पर पुल पहले ही बनाए जा चुके हैं। बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 1.08 लाख करोड़ रुपये है। इसमें से केंद्र सरकार को 10 हजार करोड़ रुपये और गुजरात एवं महाराष्ट्र को 5000 करोड़ रुपये देने हैं। प्रोजेक्ट की बाकी लागत जापान से 0.1 फीसदी ब्याज दर पर कर्ज के माध्यम से मिलने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *