ग्वालियर : चुनाव से पहले ही नगर में भाजपा और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार शुरू हो गया है। नगर के प्रमुख चौराहे फूलबाग पर सोमवार सुबह पोस्टर नजर आए, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चित्र के साथ लिखा था 50 प्रतिशत लाओ फोन पे- काम कराओ। उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के पोस्टर चौराहों नजर आने लगे। इन पर पे-नाथ लिखा होने के साथ क्यूआरकोड है। फिलहाल पड़ाव थाने में भाजपा नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पोस्टर चिपकाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराई गई है और पुलिस उनकी तलाश कर रही है.

विधानसभा चुनाव में चार महीने से अधिक समय है। दोनों दलों के नेताओं में जुबानीवार पहले से चल रहा है। एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं। टीका-टिप्पणी की जा रहीं है। जुबानी व पोस्टरवार से प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस भाजपा शासनकाल में महाकाल लोक सहित अन्य योजनाओं में भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुये भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। दूसरी तरफ भाजपा ने कमल नाथ के सवा साल के शासन काल में लगे भ्रष्टाचारों के आरोपों को मुद‌्दा बनाया है। भाजपा यह भी बता रही है किस तरीके से कांग्रेस शासनकाल में हर रोज घोटाले उजागर होते थे। प्रदेश की छवि विश्व मंच पर खराब हो रही थी। दोनों ही दल विकास के मुद्दों पर चर्चा करने की बजाए एक दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं। दोनों दलों के नेता एक दूसरे पर घृणित और दोयम दर्जे की राजनीति का आरोप लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *