स्टेनफोर्ड। कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद राहुल गांधी ने कहा कि चीन भारत पर कुछ थोप नहीं सकता और भारत तथा चीन के संबंध आसान नहीं हैं, ये ‘मुश्किल’ होते जा रहे हैं। राहुल गांधी ने अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के एक प्रश्न के उत्तर में यह बात कही। छात्रों ने राहुल से पूछा था, ‘अगले पांच से दस वर्षों में भारत और चीन के बीच संबंध कैसे हो सकते हैं, आप इन्हें कैसे देखते हैं। इसके उत्तर में राहुल गांधी ने कहा, ये अभी मुश्किल हैं। मेरा मतलब है कि उन्होंने हमारे कुछ क्षेत्र पर कब्जा कर रखा है। ये मुश्किल हैं, ये इतने आसान नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘भारत पर कुछ थोपा नहीं जा सकता। ऐसा कुछ नहीं होने वाला।
स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय में बातचीत के दौरान राहुल ने पश्चिमी देशों के दबाव के बावजूद यूक्रेन युद्ध की पृष्ठभूमि में रूस के साथ अपने संबंध बनाए रखने की भारत की नीति का समर्थन किया। कांग्रेस नेता से प्रश्न किया गया था कि क्या वह रूस को लेकर भारत के तटस्थ रुख का समर्थन करते हैं, इस पर उन्होंने कहा, ‘हमारे रूस के साथ संबंध हैं, हमारी रूस पर कुछ निर्भरताएं है। इसलिए मेरा वहीं रुख है जो वर्तमान में भारत सरकार का है।
उन्होंने कहा कि अंतत: भारत को अपने हितों की ओर देखना होगा क्योंकि भारत एक बड़ा देश है। राहुल गांधी ने भारत और अमेरिका के बीच मजबूत संबंधों का समर्थन किया, साथ ही उत्पादन की जरूरत तथा डेटा और कृत्रिम मेधा (एआई) जैसे उभरते क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इन द्विपक्षीय संबंधों में केवल सुरक्षा तथा रक्षा के पहलू पर ध्यान केन्द्रित करना पर्याप्त नहीं है