ग्वालियर, 27 फरवरी। शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र के गुप्तेश्वर पहाड़िया इलाके में एक महिला की गला काट कर हत्या कर देने से इलाके में सनसनी का माहौल है। मृतका सविता बंजारा विधवा थी, पति की मृत्यु के बाद उसने देवर से दूसरा विवाह कर लिया था। बिलौआ निवासी देवर के आपराधिक कृत्य में कारावास के बाद सविता मां के पास आकर रहने लगी थी। जनकगंज पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस को आशंका है कि हत्यारोपी मृतका के निकट के ही हैं। विधवा हुई तो देवर से विवाह कर ढूंढ़ा सहारा, देवर बलात्कार के आरोप में पहुंचा कारावास, पड़ोसियों और पति के एक भाई से चल रहा था विवाद….

सविता ने पति की मृत्यु के बाद सहारा लेने के लिए देवर से विवाह कर लिया था। सविता, उसके दो बच्चों और मां गुप्तेश्वर पहाड़ी पर कच्चा मकान बना कर नए पति के साथ रह रही थी। विगत दिनों पति बने देवर को किसी युवती से बलात्कार के आरोप में कारावास हुआ था। नए पति के कारावास पहुंचने के बाद से सविता का पति के दूसरे भाई से विवाद चल रहा था। इसके अलावा किसी पड़ोसी से भी उसका विवाद हुआ था।

अंधेरी रात में शौच के लिए फिर नहीं लौटी, गला कटा मिला शव

शनिवार रात सविता शौच के लिए पहाड़ी पर निकली थी। कुछ विलंब के बाद भी सविता लौटी नहीं तब बच्चों ने अपनी नानी को बताया। इस बीच कुछ स्थानीय निवासियों ने पहाड़ी पर सविता को लहूलुहान स्थिति में देख, पुलिस को सूचित किया। कुछ देर बाद ही पुलिस टीम भी पहुंची और प्रारंभिक विवेचना के बाद मृत शरीर को पंचनामा बना कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां की मृत्यु के बाद पूरी तरह बेसहारा हुए बच्चे रो-रो कर बेहाल हुए जा रहे हैं।  

पुलिस को आशंका, पारिवारिक विवाद हो सकता है हत्या का कारण

अब तक की विवेचना में पुलिस को हत्या का कारण तो ज्ञात नहीं हो सका है, किंतु पारिवारिक सूत्रों से कुछ दिन पूर्व पड़ोसियों से विवाद की जानकारी मिली है। पुलिस को आशंका है कि सविता की हत्या के लिए निकट के ही व्यक्तियों से हुए विवाद कारण हो सकते हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड को उजागर कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *