मथुरा, 03 नवंबर। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के हुई भीषण दुर्घटना में मध्यप्रदेश के तीम पुलिस कर्मियों समेत 5 की तत्काल मृत्यु हो गई। दुर्घटना तेज रफ्तार बोलेरो के अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा जाने से हुई। दुर्घटना में घायल हुए चार लोगों को उपचार के लिए मथुरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनकी स्थिति गंभीर बताई गई है। पुलिसकर्मी मध्यप्रदेश में टीकमगढ़ जिले के थाना बुढ़ेरा में तैनात थे। पुलिस टीम हरियाणा के बहादुरगढ़ में दबिश देने जा रही थी। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान औऱ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने घटना में मृत पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। भोर के धुंधलके में पुलिया से टकरा कर टुकड़ृटुकड़े हाइवे पर बिखर गई पुलिस की बोलेरो….

मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ पुलिस की टीम बोलेरो से आगरा से नोएडा की तरफ जा रहे थे। सुबह के धुंधलके में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के दो टुकड़े हो गए। बोलेरो के पांच सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। यमुना एक्सप्रेस-वे की एक लेन में दूर-दूर तक गाड़ी के टुकड़े और लाशें बिखर गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मथुरा पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बोलेरो में फंसे चार घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।

दुर्घटना में मध्यप्रदेश के पुलिस कर्मी भवानी प्रसाद, महिला कांस्टेबल हीरा देवी, बोलेरो ड्राइवर जगदीश, पुलिस मित्र रवि कुमार समेत पांच की मृत्यु हो गई। जबकि कॉन्स्टेबल कमलेंद्र यादव, कॉन्स्टेबल रतिराम, धर्मेंद्र कुमार और प्रीति घायल हो गए। घायलों का उपचार मथुरा के अस्पतला में किया जा रहा है, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

अपहृत किशोरी के बहादुरगढ़ में होने का मिला था सुराग

घायल पुलिस कर्मियों ने बताया कि टीकमगढ़ पुलिस किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा किए जाने के एक मामले में दबिश देने जा रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार पिंटू नाम युवक पर किशोरी को बहलाफुसला का अपहरण करने का आरोप था। पुलिस को उसकी लोकेशन हरियाणा के बहादुरगढ़ में मिली थी। युवक को गिरफ्तार कर किशोरी की बरामदगी के लिए बुडेरा में तैनात हेड कॉन्स्टेबल भवानी प्रसाद, कॉन्स्टेबल रतिराम, कमलेन्द्र यादव, महिला कॉन्स्टेबल हीरा देवी, आरोपित युवक की ललितपुर निवासी बहन प्रीति व उसके पति धर्मेंद्र, सुरक्षा समिति के सदस्य रवि को लेकर बोलेरो से बहादुरगढ़ के लिए जा रहे थे। बोलेरो को जगदीश चला रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *