

नई दिल्ली, 21 सितंबर। स्टार्टअप के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और नवाचार को बढ़ावा देने में भारत लगातार सुधार कर रहा है। विश्व बौद्धिक संपदा संगठन की ओर से सोमवार को जारी वैश्विक नवाचार सूचकांक (GII-2021) में भारत ने विगत पांच वर्ष में 35 स्थानों की छलांग लगाई है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस छलांग के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय दिया है। सिंधिया के मुताबिक मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से लगातार सुधार के परिणास्वरूप भारत 2015 के 81 से 2021 में 46वें स्थान पर पहुंच गया है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने GII 2021 में भारत को 46वां स्थान मिलने पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि हमारी बढ़ती ज्ञान पूंजी, जीवंत स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का अनुसंधान एवं विकास में निवेश पर निरंतर ध्यान भारत को जल्द ही भारत को दुनिया का नवाचार केंद्र बना देगा।
मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से लगातार सुधरी स्तितियां
विश्व बौद्धिक संपदा संगठन के अनुसार भारत की रैंकिंग 2015 के बाद से ही पकड़ चुकी है। भारत का 2015 में GII 81 था, जबकि 2021 में यह 46वें पायदान पर पहुंच गया है। यह सुधार स्टार्टअप के लिए अनुकूल माहौल बनाने सरकारी एवं निजी संगठनों की ओर से शोध पर जोर दिए जाने से आया है। संगठन का दावा है कि इस रिपोर्ट से दुनियाभर के देशों की सरकारों को अपने यहां नवाचार बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसका मूल उद्देश्य नए विचारों और तकनीकों को सामाजिक व आर्थिक चुनौतियों एवं बदलावों में शामिल करना है।