बुलंदशहर, 23 अगस्त। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का बुलंदशहर में नरौरा के बंसी घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटे राजवीर सिंह ने ‘बाबू जी’ को मुखाग्नि दी। 

भारत की राजनीति में दृढ़ता, पारदर्शिता, सनातन हिंदू आर्दशों व मूल्यों के वाहक उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पार्थिव देह को अंतिम संस्‍कार के लिए सोमवार को बुलंदशहर के नरौरा लाया गया। उनके अंतिम दर्शनों के लिए भारी जनसैलाब उमड़ा। रामभक्त बाबूजी को श्रद्धांजलि अर्पित करने  प्रधान मंत्री नरेंद्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत भाजपा के दिग्गज नेता पहुंचे।  नरौरा के बच्चा पार्क स्थित अंत्येष्टि स्थल पर केशव प्रसाद मौर्य सहित कई राजनेता मौजूद रहे। पुरोहित मंडल के शांति पाठ बाहर जमा लोगों की भीड़ बाबू जी अमर रहे के नारे लगती रही।

बाबूजी ने 89 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (बाबू जी) ने शनिवार रात 9 बजे 89 साल की उम्र में लखनऊ के SGPGI में आखिरी सांस ली। वे 48 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनकी पार्थिव देह को लखनऊ से उनकी कर्मभूमि अलीगढ़ और वहां से पैतृक गांव अतरौली लाया गया था। शाम को करीब पांच बजे बुलंदशहर के नरौरा में गंगा नदी के तट पर उनकी अंत्येष्टि की गई। उनके निधन पर उत्तरप्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

प्रधानमंत्री ने कल्याण सिंह के परिवार से भी मुलाकात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कल्याण सिंह के लखनऊ स्थित आवास पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन किए। इस दौरान मोदी ने बाबू जी के परिवार से भी मुलाकात की। अंतिम दर्शन के बाद मोदी ने संवाद माध्यमों को संबोधित करते हुए कहा– हम सब के लिए यह शोक की घड़ी है। कल्याण सिंह जी के माता-पिता ने उनका नाम कल्याण सिंह रखा था। उन्होंने अपने माता-पिता के दिए नाम को सार्थक किया। वह जनकल्याण के लिए ही जिए, जनकल्याण को ही अपना मन बनाया। उन्होंने अपना जीवन भारतीय जनता पार्टी, भारतीय जनसंघ और देश के लिए समर्पित कर दिया। कल्याण सिंह भारत के कोने-कोने में एक विश्वास का नाम बन गए थे।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा–कल्याण सिंह एक प्रतिबद्ध निर्णयकर्ता का नाम बन चुके थे। जीवन का अधिकतम समय उन्होंने जनकल्याण में लगाया। उन्हें जो भी दायित्व मिला, उसे बखूबी निभाया। सरकार, संगठन में जो भी दायित्व मिला, उसे उन्होंने पूरा किया। देश ने एक मूल्यवान शख्सियत खोई है। मैं भगवान प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। उनके परिवार और समर्थकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

भाजपा को हमेशा खलेगी कल्याण सिंह की कमी : अमित शाह

देश के गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को पूर्व सीएम कल्याण सिंह (बाबूजी) को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद कहा कि राम मंदिर का शिलान्यास हुआ था, उसी दिन मेरी बाबु जी बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि मेरे जीवन का लक्ष्य पूरा हो गया। बाबू जी का पूरा जीवन यूपी के विकास व गरीब लोगों के लिए समर्पित रहा। देश को बेहतर दिशा दी। विकास को नई गति। बाबू जी के जाने से भाजपा में जो जगह खाली हुई है, उसकी लंबे समय तक भरपाई नहीं हो सकती। बाबू जी लंबे समय से सक्रिय राजनीति में न रहते हुए भी अपनी पूरी भूमिका रखते थे। युवा भी बाबू को आदर्श मानते है। वह हमेशा भाजपा के प्रेरणा श्रोत रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *