मुरैना, 04 अक्टूबर। जिले में होने वाले आगामी विधानसभा उपचुनाव में कार्यकर्ताओं में जोश भरने और घर-घर जाकर मतदाताओं में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसी के तहत दिमनी विधानसभा 07 में थरा मंडल में धनशुला गांव स्थित वनखंडेश्वर विद्यापीठ प्रांगण में और सिहोनिया मंडल में कार्यकर्ताओं का सम्मेलन किया गया। इस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे थे। तो वही दिमनी विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी एवं प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री गिर्राज दंडोतिया मौजूद थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, कि महात्मा गांधी के चरित्र का एक भी गुण अगर कांग्रेसी धारण कर लेते, तो आज उनकी यह हालत नहीं होती।

कांग्रेस की अब नही चलेगी दुकान…
कांग्रेस पर तंज कसते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा, कि कांग्रेस सिर्फ गांधी नाम के सहारे अपनी दुकानें चलाई हैं। पहले इंदिरा गांधी बाद में राजीव गांधी और अब राहुल व प्रियंका गांधी चाहते हैं,कि यह दुकान चलती रहे। लेकिन अब लोग समझदार हो गए हैं। अब वे इनकी दुकान में नहीं आएंगे। वही कांग्रेस ने हम पर खरीद-फरोख्त कर सरकार बनाने के आरोप लगाए थे। यह जनता जानती है, कि अगर भाजपा अपने सिद्धांतों से समझौता कर लेती तो कमलनाथ की सरकार 15 महीने तक नहीं चलती।

जितना विकास अभी हुआ, कांग्रेस 20 सालो में नहीं कर पाती…
दिमनी विधानसभा में 2 मंडलों में हुए इस कार्यकर्ता सम्मेलन में बीजेपी प्रत्याशी गिर्राज दंडोतिया को जिताने का संकल्प लिया गया। दिमनी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी व प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री गिर्राज दंडोतिया ने क्षेत्र की जनता से कहा कि, भाजपा की प्रदेश सरकार ने मुझे मंत्री नहीं बनाया बल्कि क्षेत्र की जनता को मंत्री बनाया है। भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व और आप सभी के सहयोग से जिले की पांचों विधानसभा में चुनाव भारतीय जनता पार्टी जीतेगी। उन्होंने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा,कि कांग्रेस में रहकर वह कार्य नहीं कर पा रहे थे। लेकिन भाजपा में आते ही क्षेत्र को इतने विकास कार्यों की सौगात मिली है, कि कांग्रेस की सरकार 20 सालों में भी नहीं कर पाती। क्योंकि कांग्रेस सरकार के पास सिर्फ उद्योगपतियों को देने के लिए समय था, लेकिन अपने विधायकों को लिए समय नहीं था।