Image

कानपुर। भारतीय टीम ने बांग्लादेश को कानपुर टेस्ट में सात विकेट से पीटकर क्लीन स्वीप कर दिया। उल्लेखनीय है कि टीम इंडिया ने चेन्नई टेस्ट में 280 रन से जीत हासिल की थी। भारत की यह लगातार छठी टेस्ट जीत है, साथ ही लगातार चौथी बार  बांग्लादेश कोक्लीन स्वीप किया है।

बारिश की बाधा भी नहीं रोक सकी भारत की जीत

कानपुर टेस्ट में बारिश ने भरपूर खलल डाला। इसके कारण खेल दो दिन में सिमट कर रह गया। इसके बावजूद भारत जीत का लक्ष्य बना कर खेला और विजयी हुआ। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की दृष्टि से भारत के लिए यह विजय अत्यंत महत्वपूर्ण है। कानपुर टेस्ट में बांग्लादेश ने पहली पारी में 233 रन बनाए। इसके बाद टीम इंडिया ने 285/5 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। बांग्लादेश की टीम दूसरी पारी में केवल 146 रन ही बना सकी, भारत को विजय के लिए 95 रन का लक्ष्य मिला था।


यशस्वी जायसवाल ने जमाया अर्धशतक

भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, रोहित शर्मा केवल 8 रन बनाकर मेंहदी हसन की गेंद पर हसन महमूद को कैच दे बैठे। इसके बाद शुभमन गिल भी मेंहदी हसन की ही गेंद पर एलबीडब्ल्य हुए। यहां से विराट कोहली और दूसरे छोर से यशस्वी जायसवाल ने पारी को संभाला। जायसवाल ने अपना तेज अर्धशतक पूरा किया और टीम को जीत के मुहाने तक पहुंचा दिया। टीम को जीत के लिए केवल तीन रन की आवश्यकता शेष थी। इसके बाद विराट कोहली और पंत ने टीम को जीत तक पहुंचाया। पंत के बल्ले से ही विजयी चौका निकला। भारत ने 17.2 ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया। पाकिस्तान को उसी के घर पर 2-0 से हराने वाली बांग्लादेशी टीम के हौसले भूमि पर आकर चकनाचूर हो गए, यहां वह खुद 2-0 से हार बैठी। चैंपियंस की तरह खेली भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के टॉप पर बनी हुई है।

जीत के बड़े रिकॉर्ड

भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ लगातार चौथी बार क्लीन स्वीप किया है। साल 2017 में भारत ने 1-0 से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2019 में भी 2-0 से टेस्ट सीरीज जीती। भारत ने 2022 में बांग्लादेश का दौरा किया और 2-0 से जीत हासिल की। अब बांग्लादेश को भारत के खिलाफ एक बार फिर हार का सामना करना पड़ा।

भारत को टेस्ट फॉर्मेट में पिछली हार 25 जनवरी 2024 को मिली थी। इंग्लैंड ने हैदराबाद में भारत को 28 रन से हराया था। इसके बाद से भारत ने छह टेस्ट मैच खेले और सभी में जीत हासिल की। इसमें चार टेस्ट इंग्लैंड के दो टेस्ट बांग्लादेश के खिलाफ थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *