वॉशिंगटन। बीते एक सप्ताह से अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को लेकर कई तरह की अफवाह चल रहीं हैं। चुनावी समय होने के बाद भी बाइडेन जनता के बीच नहीं पहुंच पा रहे थे। उनकी सेहत में भी सुधार अपेक्षानुसार नहीं हो रहा है। इसके बाद ही अफवाहें भी उड़ने लगी थीं कि बाइडेन की तबियत तेजी से बिगड़ रही है। कुछ अफवाहें ये भी थीं कि 81 वर्षीय नेता अस्पताल की देखरेख में हैं और उनका रातभर जीवित रहना भी मुश्किल है। इतना ही नहीं एक्स पर जो कहां है? भी ट्रेंड कर गया था। चुनावी रेस से बाहर हो चुके अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन एक बार फिर नजर आए। इसके साथ ही उनके स्वास्थ्य से जुड़ी कई अफवाहों पर विराम लग गया है। खास बात है कि डेमोक्रेटिक नेता कोविड-19 का शिकार होने के बाद आइसोलेशन में थे। बुधवार को बाइडेन ने व्हाइट हाउस में वापसी की। खबर है कि डॉक्टर भी उनकी स्वास्थ्य में सुधार की बात कह रहे हैं। हालांकि, इस दौरान बाइडेन ने पत्रकारों से ज्यादा बात नहीं की। जबकि, उन्होंने एक्स पर लिखा है, व्हाइट हाउस में वापस आकर अच्छा लग रहा है। आज दोपहर मैं ओवल ऑफिस में वापस आ गया और डेली इंटेलीजेंस ब्रीफिंग के लिए नेशनल सिक्युरिटी टीम के साथ बैठा। आपके कमांडर-इन-चीफ के तौर पर काम करना मेरे लिए बड़ा सम्मान है। डेमोक्रेटिक नेता के चुनाव लड़ने को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। इतना ही नहीं पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा समेत कई बड़े नेता भी उनकी दावेदारी पर मजबूत प्रतिक्रियाएं नहीं दे पा रहे थे। कोविड का शिकार होने के बाद उन्होंने खुद ही रेस से बाहर होने का ऐलान कर दिया था और उप राष्ट्रपति कमला हैरिस का नाम आगे बढ़ाया था।हालांकि अब तक साफ नहीं है कि बाइडेन ने राष्ट्रपति चुनाव से नाम वापस क्यों लिया। बुधवार को भी उन्होंने इस संबंध में पत्रकारों से कुछ नहीं कहा। अब उन्होंने ऐलान किया है कि वह शुक्रवार को देश को संबोधित करेंगे। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि उस दौरान वह अपने फैसले पर खुलकर बात कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *