-भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने लिया निर्णय, पांच घण्टे में दर्शन कर लौटना होगा

देहरादून। उत्तराखंड में यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग पर धारा 144 लगा दी गई है। जिला प्रशासन ने यमुनोत्री में उमड़ रही भीड़ को काबू करने के लिये यह फैसला लिया है। कलेक्टर ने जानकचट्टी से यमुनोत्री तक के पैदल मार्ग में घोड़े-खच्चर और डंडी-कंडी की संख्या तय कर दी है। नई व्यवस्था के तहत जानकचट्टी से यमुनोत्री धाम तक पांच घण्टे में दर्शन कर लौटना होगा। भीड़ की वजह से सारी व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। यही वजह है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तरकाशी के कलेक्टर ने धारा 144 लागू करने के आदेश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक बड़कोट के डिप्टी कलेक्टर और एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने भीड़ को डीएम को रिपोर्ट सौंपी थी। इसमें यमुनोत्री पैदल मार्ग के संकरे होने के कारण यात्रियों की जान को खतरा बताया था। यमुनोत्री पैदल यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों की संख्या 800 तय की गई है। उनके आने-जाने का समय सुबह 4 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया है। आदेश में साफ कहा गया है कि पांच घंटे से ज्यादा कोई भी घोड़ा-खच्चर यात्रा मार्ग पर नहीं रहेगा। यमुनोत्री धाम पहुंचने पर यात्री को 60 मिनट के अंदर यमुनोत्री के दर्शन कराने का आदेश दिया गया है। इस नियम के तहत मन्दिर समिति से लेकर सभी विभागों की जिम्मेदारी तय की गई है। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 10 मई को शुरू हुई थी। इसके बाद तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी। यहां 11 दिनों में 21 यात्रियों की मौत हो चुकी है। बदरीनाथ धाम में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में 14 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से ज्यादातर यात्रियों की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *