– जो राम का नहीं वो किसी का नहीं हो सकता सीएम ने बड़वानी, खरगोन में राहुल गांधी पर बोला हमला

बड़वानी/ खरगोन । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को बड़वानी और खरगोन में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज से नहीं 70 साल से मंदिरों का निमंत्रण ठुकरा रही है। जब सोमनाथ मंदिर का भूमि पूजन किया गया था, तब नेहरू ने सोमनाथ मंदिर का निमंत्रण ठुकरा दिया था। ये सब होना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि अब सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर का फैसला सुनाया। राम मंदिर का भूमि पूजन हो गया, निर्माण हो गया और रामलला भी आकर बैठ गए लेकिन कांग्रेस से कोई नहीं आया। इन्होंने आज फिर निमंत्रण ठुकरा दिया। अब 13 मई को जनता इन्हें ठुकराएगी। सीएम ने कहा कि जो राम का नहीं हो सकता, वो किसी का नहीं हो सकता। बता दें कि चौथे चरण में 13 मई को बड़वानी में वोटिंग होना है।

सीएम ने कहा कि आपने बीजेपी को चुना तो आपको लाड़ली बहना योजना का लाभ मिला। किसानों के खातों में भी योजना का पैसा पहुंच रहा है। सीएम ने कांग्रेस को जीरो कहते हुए डबल विकास का वादा किया, बोले, अगर इस बार हमारी सरकार आई तो, विकास की रफ्तार डबल कर देंगे। सीएम यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के उस बयान पर कड़ी नाराजगी जाहिर की, जिसमें जीतू पटवारी ने पूर्व मंत्री इमरती देवी के लिए आपत्तिजनक बातें कहीं थीं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस के नेता जिस ढंग से महिला, बहनों के लिए बात करते हैं. उनके लिए डूब मरने की बात है। जो इमरती देवी के लिए कितना गंदा बोल कर गए हैं। महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस का चरित्र है, इनके बड़े नेता कमलनाथ तो महिलाओं को आइटम बताते थे।

कांग्रेस और आप के नेता जमानत पर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के मंत्री अभी जेल में हैं। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई नेता जमानत पर हैं। चारा घोटाले में लालू यादव को जमानत मिली हुई है। कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता भी जमानत पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अभी कांग्रेस से नई-नई दोस्ती हुई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंत्रियों के साथ जेल में हैं। उन्होंने कहा आम आदमी गलती की सजा पर जेल की हवा खाता है। ऐसे में गलत कार्य करने वाले बड़े नेताओं को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार छोडऩे वाली नहीं है। इसी वजह से सभी जमानती नेता एक साथ होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

आदिवासी भोलेभाले, कांग्रेसी रोज झूठ बोलते हैं

सीएम ने कहा आदिवासी क्षेत्र के मेरे आदिवासी भाई बहनों को झूठ का सहारा लेकर बरगलाया जा रहा है। मैं तुम्हें झूठे जादूगर का किस्सा सुनाता हूं। मैं भी ऐसे ही है बाजार में खड़ा था। स्कूल का जमाना था। उज्जैन में बुधवार हाट। आपने सुना होगा। बुधवारिया हाट में एक व्यक्ति डमरु बजाकर मंजन बेच रहा था। कह रहा था कि मैं आपको सांप नेवले की लड़ाई बताता हूं। यह सांप है और यह नेवला है। डमरू बजाते बजाते एक, दो, 50 और 100 लोग इक_े हो गए। रस्से में बंधे नेवले को डेगा दिखाने पर वह उछल रहा था। जाए तो जाए कहां। उधर सांप को हाथ मारने पर फुंफकार रहा था। वह भी पिटारी में था। दिखाएं नेवला दिखाएं सांप। इसमें नेवला सांप को काट लेता है। फिर वह कहता है नेवले के दांत बहुत मजबूत होते हैं। आप नेवले जैसे दांत मजबूत रखो। इसतरह वह अपनी मंजन की 50-100 डिब्बी बेच देता था। फिर सांप को उसकी जगह और नेवले को उसकी जगह। धीरे-धीरे पैसा जेब में डाल लेता था। मैं आखिरी तक यह समझ नहीं पाया कि दोनों को लड़ाया क्यों नहीं? मैंने पूछा तो वह बोला मुझे तो कल भी मंजन बेचना है। मैं तो रोज यह करता हूं। हम रोज यह झूठ बोलते हैं। वैसे ही कांग्रेस व उनके नेता रोज यह झूठ बोल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *