30 लाख पदों पर भर्ती, एक लाख की अप्रेंटिसशिप

युवा वोटर्स को साधने के लिए चला ट्रंप कार्ड

बांसवाड़ा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा दांव चला है। युवा वोटर्स को साधने के लिए कई बड़े वादे किए हैं। राहुल गांधी ने कहा है कि यदि देश में कांग्रेस की सरकार बनती है, तब 30 लाख पदों पर भर्ती होगी। इतना ही नहीं उन्होंने कॉलेज खत्म होने के बाद एक लाख रुपए वाली अप्रेंटिसशिप देने की भी घोषणा की है।

दरअसल भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले राहुल गांधी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा, हिन्दुस्तान में 30 लाख सरकारी रिक्तियां हैं। मोदी जी इन्हें भरवाते नहीं हैं। कांग्रेस की सरकार में आने के बाद हमारा पहला काम होगा कि 90 प्रतिशत को 30 लाख नौकरियां हम देने वाले है।

राहुल गांधी ने दूसरा वादा किया कि देश में हर ग्रैजुएट को एक लाख रुपए वाला एक अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने हर युवा को अप्रेंटिसशिप का अधिकार देने की बात कही। उन्होंने कहा, हम मनरेगा लाए थे जिससे लाखों लोगों को फायदा हुआ, हमारी सरकार ने रोजगार का अधिकार दिया था। वैसे ही हम भारत के सभी युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार देने जा रहे हैं। ये हर ग्रेजुएट और डिप्लोमा होल्डर को मिलेगा।

राजस्थान के साथ देश के कई राज्यों में बड़ा मुद्दा बन चुके पेपर लीक पर भी राहुल गांधी ने लोगों से वादा किया। उन्होंने सख्त कानून बनाने की बात कहकर कहा कि करोड़ों युवाओं का भविष्य खराब होने से रोका जाएगा। राहुल गांधी ने कहा, हम एक नया कानून लाएंगे, पेपर लीक के खिलाफ जिसमें हम परीक्षा दिलवाने का तरीका पूरी तरह से बदल देने वाले हैं। एग्जाम जो प्राइवेट कंपनियों को आउटसोर्स कर दिया जाता है, वह नहीं होगा। एग्जाम सरकारी संस्था करेगी। यदि पेपर लीक हो गया, तब कानूनी कार्रवाई ऐसी होगी कि दूसरी बार नहीं होने वाला।

राहुल गांधी ने कहा कि बहुत से युवा ओला-ऊबर, डिलीवरी का काम करते हैं, जिन्हें गीग वर्कर्स कहते हैं। इनकी सामाजिक सुरक्षा के लिए लिए राजस्थान में हमारी पिछली सरकार ने कानून बनाया था, उस कानून को पूरे हिन्दुस्तान में लागू करने जा रहे हैं। जो ड्राइवर, सिक्यॉरिटी गार्ड, ऊबर-ओला, पिज्जा डिलीवरी का काम करते हैं, इनकी रक्षा हो, इनके लिए पेंशन और सामाजिक सुरक्षा हो, इन्हें एक दिन में नौकरी से ना निकाला जा सके। इसके लिए कानून बनाएंगे।

इतना ही नहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित कर स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए फंड देने का वादा किया। उन्होंने कहा, मोदी जी ने स्टार्ट अप इंडिया किया, स्टैंडअप इंडिया किया, मेक इन इंडिया किया, कोई फर्क नहीं पड़ा। सबकुछ दो-तीन अरबपति ले गए। युवाओं को ना स्टार्टअप मिला ना मेक इन इंडिया। हम लोगों ने स्टार्टअप के लिए 5 हजार करोड़ का फंड बनाया है। हर जिले में यह फंड रहेगा। 40 साल से कम उम्र के युवा इसका लाभ उठा सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *