-आप और कांग्रेस के बीच हुआ समझौता, कयासों पर लगा विराम

-जानें किस राज्य में कौन कितनी सीटों पर उतारेगा अपना उम्मीदवार

नई दिल्ली । लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच आखिरकार समझौता हो ही गया। इसी के साथ विभिन्न राज्यों में सीटों को लेकर भी बंटवारा कर दिया गया और इसी के साथ तमाम कयासों पर भी विराम लग गया है। दरअसल कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने कांग्रेस और आम के गठबंधन की घोषणा करते हुए बताया है, कि इंडिया गठबंधन में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों का समझौता हो गया है। दोनों पार्टियों के बीच हुए समझौते के तहत दिल्ली में 4 सीटों पर आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगी, जबकि कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसी प्रकार गुजरात में 24 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी जबकि 2 सीटों पर आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। हरियाणा में भी एक सीट आप को अपना उम्मीदवार उतारने के लिए दी गई है। इस प्रकार लोकसभा चुनाव 2024 की घोषणा से पहले ही अंतत: आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो ही गया। आज शनिवार 24 फरवरी को दोनों दलों की ओर से इसकी घोषण कर दी गई है। दोनों ही दल दिल्ली, गुजरात, हरियाणा और गोवा में मिलकर चुनाव लड़ेंगे। दिल्ली में आप 7 लोकसभा सीटों में से 4 सीटों यानी पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली पर चुनाव लड़ेगी। दूसरी तरफ कांग्रेस 3 सीटों पर यानी चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट से चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस और आप के बीच हुए समझौते की जानकारी दे रहे कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने बताया कि गुजरात में कांग्रेस 24 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी, जबकि आम आदमी पार्टी गुजरात की दो लोकसभा सीटों यानी भरूच और भावनगर पर चुनाव लड़ेगी। हरियाणा में एक सीट कुरुक्षेत्र आम आदमी पार्टी को दी गई है और चंडीगढ़ सीट पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। साथ ही गोवा की दोनों सीटों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारेगी।

 

गठबंधन की राज्यवार जानकारी इस प्रकार है,

– दिल्ली में आप को 4 सीटें (पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली), कांग्रेस: 3 सीटें (चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली)

गुजरात में कांग्रेस को 24 सीटें, आप को 2 सीटें (भरूच, भावनगर)

हरियाणा में आप 1 सीट (कुरुक्षेत्र), कांग्रेस को 9 सीटें

गोवा में कांग्रेस को 2 सीटें

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने गठबंधन से पहले साउथ गोवा सीट पर उम्मीदवार के नाम की घोषणा की थी। अब आप उसे वापस ले लेगी, इसी प्रकार गुजरात की दो लोकसभा सीट – भरूच और भावनगर पर भी आप ने उम्मीदवारों की घोषणा की थी और यह सीट उनके ही खाते में गई है। इससे हटकर पंजाब में दोनों ही पार्टियां स्वतंत्र रुप से चुनाव लड़ेंगे। बहरहाल आप के गठबंधन में शामिल होने को लेकर जो कयास लगातार लगाए जा रहे थे उन्हें आज पूरी तरह विराम लग गया है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *