नई दिल्ली । मालवाहक जहाजों पर होने वाले हमले रोकने और समुद्री लुटेरों पर लगाम को लेकर केंद्र की मोदी सरकार ने बड़ा कदम उठाया हैं। रक्षा मंत्रालय ने जिबूती से लेकर अदन की खाड़ी और सोमालिया तक भारतीय नौसेना की तैनाती का प्लान बनाया है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर निर्णय हुआ। इसमें मालवाहक जहाजों के संरक्षण के लिए भारतीय नौसेना की यूनिट्स को जिबूती, अदन की खाड़ी, सोमालिया के पूर्वी तट के साथ ही उत्तर और मध्य अरब सागर में भी तैनात किया जा रहा है। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने लोकसभा में इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि नौसेना ने अदन की खाड़ी और अफ्रीका के पूर्वी तटीय क्षेत्र में जलदस्यु रोधी गश्ती के लिए 2008 से अपनी यूनिट्स को तैनात किया था। कुल 3,440 जहाजों और 25 हजार से अधिक नाविकों को सुरक्षा प्रदान की गई। लाल सागर में नवंबर महीने से ईरान समर्थित हूती उग्रवादियों ने अनेक मालवाहक जहाजों पर हमले किए थे। इसको लेकर वैश्विक चिंताएं बढ़ रही हैं। रक्षा राज्य मंत्री ने प्रश्न के उत्तर में कहा कि नौसेना हमलों में शामिल सूत्रों और भागीदारों की पहचान करने के लिए सहयोगी देशों के साथ सूचना साझा कर रही है। भारतीय नौसेना ने पिछले कुछ सप्ताह के दौरान अरब सागर में अनेक मालवाहक पोतों पर हमलों के बाद उन्हें सहायता प्रदान की है। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही। इसमें क्षेत्रीय और इलाके से अलग नौसेनाओं और समुद्री जवानों के साथ सक्रियता से काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *