वीडी शर्मा बोले-राम का देश है, हम सभी सुबह राम-राम करते हैं

भोपाल। मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा की पसंद पर सस्पेंस के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक से दो दिन पहले शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सभी को राम-राम संदेश पोस्ट किया। सोशल मीडिया में किये गये पोस्ट में हाथ जोड़े हुए शिवराज सिंह चौहान की तस्वीर दिखाई दे रही है। पोस्ट वायरल होने के साथ ही राजनीतिक गलियारे में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। अभिवादन और विदाई संदेश दोनों के रूप में राम-राम के दोहरे उपयोग से सवाल उठाए गए कि क्या शिवराज सिंह चौहान राम-राम कहकर विदाई ले रहे हैं?

 

इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जुबान खोली और कहा कि राम का देश है हम सभी राम-राम करते हैं। दरअसल बीडी शर्मा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद के घर करोड़ों रुपए मिलने पर राहुल गांधी , सोनिया गांधी सहित कांग्रेस नेताओं पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सीएम शिवराज के राम-राम लिखने पर भी जवाब दिया। इसको लेकर श्री शर्मा ने कहा कि हमारी संस्कृति में सबसे पहले हम शुरुआत ही राम-राम से करते हैं। यह राम का देश है। हम सभी सुबह राम राम करते हैं। पूरा देश ही राम -राम कर रहा है।मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस सोमवार को खत्म हो जाएगा। इससे पहले मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर चर्चा तेज है। इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर सभी को राम-राम… की पोस्ट लिखकर सबको चौंका दिया है। इसको लेकर सियासी गलियारों में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री है। ऐसे में मध्य प्रदेश पर सभी की नजरे टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *