11 सीटों पर रहेगी सबकी नजरें

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के कल 3 दिसंबर को नतीजे आ जाएंगे। यूं तो इस बार प्रदेश की हरेक विधानसभा सीट पर दिलचस्प मुकाबला है, लेकिन प्रदेश की 11 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जिन पर जीत-हार को लेकर सबकी नजरें रहेंगी। इन सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

बुधनी-शिवराज सिंह चौहान

सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा सीट प्रदेश की सबसे अहम सीट मानी जाती है। यहां से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने इस बार सीएम शिवराज के सामने स्थानीय उम्मीदवार और टीवी एक्टर विक्रम मस्ताल को चुनाव मैदान में उतारा है। शिवराज बुधनी से पांचवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं.

छिंदवाड़ा-कमलनाथ

छिंदवाड़ा विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने कमलनाथ के सामने बंटी साहू को मैदान में उतारा है। इस सीट पर इसलिए सबकी नजरें हैं, क्योंकि कमलनाथ कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं।

दिमनी-नरेंद्र सिंह तोमर

मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा सीट इस बार प्रदेश की सबसे हॉट सीट बन हुई है। भाजपा ने यहां से कद्दावर नेता एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को चुनाव में उतारा है। जबकि कांग्रेस ने रविंद्र सिंह तोमर को मैदान में उतारा है। इस सीट पर बसपा के बलवीर दंडोतिया प्रभावी नजर आ रहे हैं। ऐसे में इस सीट पर पूरे प्रदेश की नजरें हैं।

इंदौर क्रमांक-एक-कैलाश विजयर्गीय

इंदौर जिले की इंदौर विधानसभा क्रमांक-एक सीट भी सबसे हॉट सीट मानी जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि कांग्रेस ने उनके सामने मौजूदा विधायक संजय शुक्ला मैदान में उतारा है। दोनों नेताओं में कड़ा मुकाबला है और दोनों ने चुनाव में पूरी ताकत लगाई है।

नरसिंहपुर-प्रहलाद पटेल

मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल पहली बार नरसिंहपुर विधानसभा सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने उनके भाई जालम सिंह पटेल की जगह उन्हें चुनाव लड़ाया है। कांग्रेस ने प्रहलाद सिंह पटेल के सामने लाखन सिंह पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है।

निवास-फग्गन सिंह कुलस्ते

मंडला जिले की निवास विधानसभा सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस से उनके सामने चैन सिंह बरकड़े चुनाव लड़ रहे हैं। कुलस्ते के चुनाव मैदान में आने से यह सीट भी वीआईपी सीट बन गई है। जिस पर सबकी नजरें हैं।

जबलपुर पश्चिम-राकेश सिंह

जबलपुर पश्चिम विधानसभा सीट पर भाजपा ने सांसद राकेश सिंह चुनाव मैदान में उतारा हैं। कांग्रेस से कमलनाथ के करीबी एवं पूर्व मंत्री तरुण भनोट चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट कांग्रेस की मजबूत सीट मानी जाती है। ऐसे में पार्टी ने राकेश सिंह को यहां से चुनाव लड़ाया है, जो चार बार के सांसद हैं।

सीधी-रीति पाठक

सीधी विधानसभा सीट सीधी पेशाब कांड की वजह से सबसे ज्यादा चर्चा में रही है। भाजपा ने यहां मौजूदा विधायक केदार शुक्ला का टिकट कांटकर सांसद रीति पाठक को चुनाव मैदान में उतारा है। रीति पाठक के सामने कांग्रेस के ज्ञान सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि भाजपा से बागी होकर केदार शुक्ला निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

सतना-गणेश सिंह

सतना विधानसभा सीट पर भाजपा ने सांसद गणेश सिंह चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस से उनके सामने मौजूदा विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा चुनाव लड़ रहे है। यहां भी मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। 2018 में कांग्रेस ने यहां से जीत हासिल की थी। ऐसे भाजपा का दांव यहां अहम माना जा रहा है।

दतिया-डॉ नरोत्तम मिश्रा

दतिया विधानसभा सीट पर भाजपा के दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने उनके सामने राजेंद्र भारती को ही चुनाव मैदान में उतारा है। बताते हैं कि इस बार इस सीट पर कड़ा मुकाबला है। नरोत्तम मिश्रा 2018 में करीबी अंतर से चुनाव जीते थे।

लहार-डॉ गोविन्द सिंह

भिंड जिले की लहार विधानसभा सीट कांग्रेस का अभेद किला माना जाता है। कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह इस सीट पर 1990 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। भाजपा ने उनके सामने अमरीश शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। यहां भाजपा के बागी रसाल सिंह के बसपा से मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *