देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा है कि ‘उनका राहुल यान पिछले 20 वर्षों से लॉन्च नहीं हो पा रहा है।’ इसी के साथ उन्होने स्टालिन के बेटे के सनातन धर्म पर दिए बयान की निंदा की। नीमच में जनआशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करने पहुंचे रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में ‘मामा’ के नाम से मशहूर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजनीति के धोनी हैं। उन्होने कहा कि एक सेवक के रूप में सीएम शिवराज ने जनता की सेवा की है। आज नीमच के आर्थिक सांस्कृतिक और ऐतिहासिक क्षेत्र से जनआशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ हो रहा है और नीमच सहित मालवा का पूरा क्षेत्र मध्य प्रदेश का आर्थिक इंजन माना जाता है। उन्होने जनता से बीजेपी का साथ देने का आह्वान किया और कहा कि आज हमें ‘भारत’ और ‘INDIA’ के बीच चुनाव करना है। राजनाथ सिंह ने कहा कि आज यहां से जनआशीर्वाद यात्रा प्रारंभ हो रही है। शिवराज जी के नेतृव वाली सरकार और प्रधानमंत्री मोदी जी को भी आपका आशीर्वाद चाहिए।

इस मौके पर सीएम शिवराज की प्रशंसा करते हुए उन्होने कहा कि वे यहां 16-17 साल से मुख्यमंत्री के रूप में आपकी सेवा की है। इनके अंदर गरीबों के प्रति जो संवेदनशीलता है, वो राजनीति में विरले लोगों में दिखती है। राजनीति के धोनी शिवराज सिंह चौहान हैं, शुरुआत कैसी भी हों लेकिन अच्छा फिनिश देकर वे मैदान जीतना जानते हैं। शिवराज जी ने लोगों की सेवा की है, इसलिए उन्हें जनता का विश्वास प्राप्त होता है। इन्होने ही मध्य प्रदेश को बीमारु राज्यों की श्रेणी से विकासशील और विकसित राज्यों के क्षेत्र में खड़ा किया है। वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की सराहना करते हुए उन्होने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा संगठन को वीडी शर्मा ने जिस तरीके से मजबूत बनाया है, उनके नेतृत्व में भाजपा की बहुत बड़ी विजय होगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है और इसमें मध्य प्रदेश का भी बहुत बड़ा योगदान है। 2003 से पहले मध्य प्रदेश की जीडीपी 71 हजार 594 करोड़ थी, जो आज 13 लाख 82 हजार करोड़ हो गई है।
देश की अर्थव्यवस्था में मध्य प्रदेश का योगदान लगभग 3 प्रतिशत था, जो आज बढ़कर 4.8 प्रतिशत हुआ है। जो भारत पहले दुनिया की अर्थव्यवस्था के आकार में 10 नंबर पर था वो भारत आज 5वें स्थान पर आ गया है और मोदी जी के नेतृत्व में ये करिश्मा हुआ है। उन्होने कहा कि यही क्रम चला तो 3 साल में भारत दुनिया की टॉप थ्री कंट्री में खड़ा होगा। 2047 तक भारत अर्थव्यवस्था के मामले में दुनिया मे सबसे ऊपर होगा। यह संकल्प है। प्रदेश में जो बदलाव आया है वह रुकना नहीं चाहिए, आपका समर्थन शिवराज, वीडी को मिले। मोदी जी ने आवास स्वीकृत किये, कांग्रेस की डेढ़ साल की सरकार ने योजनाओं को बंद किया। कांग्रेस आजाद भारत के समय से नारा गरीबी हटाओ, लेकिन गरीब गरीब ही रहा है।
बीजेपी सरकार आने के बाद देशभर में परिवर्तन आ रहा है और इस बात के साक्षी हम सब हैं। इस मौके पर कांग्रेस और तमाम विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होने कहा कि ‘कहीं का ईट कही का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा’ है। राजनाथ सिंह ने स्टालिन के बेटे के सनातन धर्म पर दिए बयान की निंदा की और कहा कि वे लोग सनातन धर्म की तुलना डेंगू मच्छर और कोरोना से कर रहे हैं। हिंदुत्व और संस्कृति का अपमान कर रहे हैं। ये लोग सनातन को समाप्त करने की बात कर रहे हैं। हमारे यहां सर्प को भी दूध पिलाकर उसके त्रिजीवी होने की कामना करते हैं। सनातन में धर्म-जाति के नाम पर कोई भेदभाव नहीं है, लेकिन कांग्रेस के एक घटक के नेता ने सनातन के खिलाफ जो टिप्पणी की है क्या कांग्रेस को ऐसे घटक से अलग नहीं हो जाना चाहिए! उन्होने कहा कि सनातन का विरोध करने वालों को वोट के माध्यम से मुँह तोड़ जवाब देना चाहिए। राजनाथ सिंह ने इस मौके पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा कि आज भारत चांद पर पहुँच गया है, मंगल ग्रह की यात्रा कर रहा है, हम सूर्य के नजदीक पहुँच रहे हैं।
आज सारे विश्व में इसकी सराहना हो रही है। हम चांद और सूर्य तक पहुँच रहे हैं लेकिन कांग्रेस का राहुल यान 20 सालों से आज तक लॉन्च ही नहीं हो पाया। कांग्रेसी समझ गए है कि अकेले भाजपा को हरा नहीं सकते इसलिए उन्होंने कई पार्टियों को मिलकर एक कुनबा बना लिया है और उसका नाम INDIA रख दिया। वे समझ गए हैं कि अकेले मोदी को हरा नहीं सकते। लेकिन आपको तय करना है कि आपको भारत अच्छा लगता है कि इंडिया। हम भी अटलजी के समय शाइनिंग इंडिया का नारा देकर हार गए थे, इनका भी यही हाल होगा। वहीं मध्यप्रदेश कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होने कहा कि यहां डेढ़ साल के लिए बीच में आए कमलनाथ ने भाजपा सरकार की जनहित की योजनाओं को बंद कर दिया और केन्द्र की योजनाओं को बाधित किया। कांग्रेस हर चुनाव में गरीबी हटाओ का नारा देती रही, लेकिन गरीब गरीब रहता चला गया। नीति आयोग की रिपोर्ट आई है जिसमें कहा गया है कि मोदी जी के प्रधानमंत्री रहते हुए साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *