भोपाल। मध्य प्रदेश में अधिकारियों द्वारा ठेकेदारों से 50 प्रतिशत कमीशन मांगने का पत्र वायरल होने के बाद कांग्रेस और भाजपा ने एक-दूसरे की घेराबंदी कर रहे हैं। इस मामले में शुक्रवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई बड़े नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला था। अब भाजपा नेताओं ने शनिवार को भोपाल में क्राइम ब्रांच में शिकायत की है। भाजपा नेताओं ने शिकायत में कहा कि कांग्रेस नेताओं षड्यंत्रपूर्वक किसी ठेकेदार, एसोसिएशन के नाम से फर्जी पत्र इंटरनेट मीडिया पर प्रचारित कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रियंका गांधी, कमलनाथ, जयराम रमेश, अरुण यादव आदि के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है शिकायत में कहा है कि इंटरनेट मीडिया पर मध्य प्रदेश ठेकेदार संघ ने हाई कोर्ट के मुख्य न्यायधीश को पत्र लिखकर शिकायत की बात कही है।

पत्र में लिखा है कि प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है पत्र में शिकायतकर्ता का पता बसंत विहार कालोनी लश्कर ग्वालियर लिखा है। उस पते पर इस नाम का न कोई संघ है और न ही कोई व्यक्ति है। पता भी झूठा है। यह पत्र पूरी तरह निराधार और फर्जी है। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के प्रदेश महामंत्री और प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी, मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा आदि शामिल थे। डीसीपी क्राइम ब्रांच श्रुति कृति सोमवंशी ने कहा कि भाजपा नेताओं से शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा है कि जो गले तक भ्रष्टाचार में डूबे हों, उन पर भरोसा कौन करेगा कमलनाथ जी खुद करप्शन नाथ हैं।

छापा पड़ा तो 280 करोड़ रुपये कहां से निकले। मुख्यमंत्री ने यह बात कांग्रेस की 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार का पोस्टर चस्पा करने के प्रयास के संबंध एजेंसी से कही। विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा ने कहा कि कांग्रेस ने किसी एसोसिएशन के नाम से फर्जी पत्र जारी कर बड़ा झूठ बोला है। दिग्विजय सिंह और कमल नाथ झूठ बोलने की मशीन हैं। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी से इस पत्र के आधार पर ट्वीट कराना कांग्रेस के वास्तविक चरित्र को उजागर करता है। यह षड्यंत्र है। प्रियंका गांधी को भी जवाब देना होगा। रजनीश अग्रवाल, प्रदेश मंत्री, भाजपा ने कहा कि कांग्रेस के पास चुनाव के मुद्दे नहीं हैं। पार्टी चुनाव के मुद्दों पर भी घोटाला कर रही है। नेता छोटा हो या बड़ा अगर जनता को भ्रम और भय में डालने का प्रयास करेगा, तो अंजाम वही होगा जो कानून चाहेगा।

केके मिश्रा, अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग ने कहा कि मैं उस व्यक्ति को धन्यवाद देता हूं, जिसने उच्च न्यायालय को यह पत्र लिखा। मैं तो न्यायालय से आग्रह करूंगा कि पत्र लिखने वाले व्यक्ति को व्हिसल ब्लोअर माना जाए और उसे पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए। पत्र न्यायालय को लिखा है, इसलिए मेरा अलग से कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। इस पर न्यायालय ही संज्ञान लेगा। अरुण यादव, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मप्र भ्रष्टाचार और घोटालों का गढ़ बन चुका है। 220 माह में 220 से ज्यादा घोटाले हुए हैं। कांट्रैक्टर और पेटी कांट्रैक्टर ने ग्वालियर हाईकोर्ट में कहा है कि काम करने के लिए सरकार 50 प्रतिशत कमीशन मांगती है। कर्नाटक में 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को जनता ने उखाड़ फेंका था। मप्र में 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *