राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु एक दिवसीय ग्वालियर प्रवास के दौरान जयविलास पैलेस पहुँचीं, जहाँ केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उनकी पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया ने पारम्परिक रीति-रिवाज से अगवानी की। राष्ट्रपति के आगमन पर आदिवासी लोक नृत्य, रंगा रंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने दरबार हॉल में गणमान्य नागरिकों से भेंट की। इसके पूर्व राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु म्युजियम में पहुँचीं, जहाँ उन्होंने जीवाजी राव सिंधिया की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति ने म्युजियम में संस्कृति एवं इतिहास से जुड़ी विभिन्न गैलरियों को देखा। उन्होंने मौके पर स्कूली बच्चों से भेंटकर उनसे बातचीत की और उन्हें टॉफी भेंट की।

राष्ट्रपति महोदया ने दरबार हॉल में बगल से लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में क्षेत्रीय शिल्प कला को देखा। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पगड़बंध मोहम्मद रफीक की राष्ट्रपति महोदया से भेंट कराई।

मोहम्मद रफीक पिछले 60 वर्षों से महाराजा की पगड़ी बना रहे हैं। टेराकोटा व्हील के माध्यम से मिट्टी के बर्तन बना रहे छैलन बिहारी प्रजापति व कालीन बुनकर राकेश सविता से भेंट कराई। राष्ट्रपति मुर्मु जी ने सिंधिया परिवार के साथ दोपहर का भोजन किया। उन्हें बिना प्याज लहसुन का भोजन परोसा गया। ओडिशा और उत्तर भारत की स्पेशल डिश खुद सिंधिया और उनकी पत्नी द्वारा तैयार कराई थी।

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुद राष्ट्रपति महोदया को खाना सर्व किया। लंच के मेन्यू में नेपाली साग से लेकर संतुला जीरा मूँग दाल, छिलरा, पनीर मखाना, भुट्टे का कस सहित अन्य व्यंजन थे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, जल संसाधन मंत्री एवं प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी लंच में शामिल हुए।

इस मौके पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, संभागीय आयुक्त दीपक सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल सहित प्रबुद्ध गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *