टीवी जगत की जानी पहचानी एक्ट्रेस, फेमस शो साराभाई वर्सेस साराभाई में जैस्मीन का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री वैभवी उपाध्याय इस दुनिया में नहीं रही। वैभवी की मृत्यु हिमाचल प्रदेश में एक कार दुर्घटना में हुई। उनके साथ ये हादसा तब हुआ जब वह अपने मंगेतर के साथ कार से आ रही थीं। ये हादसा दो दिन पहले हुआ था मगर शो के मेकर्स ने अब इसकी जानकारी दी है। जेडी मजेठिया ने अपने पोस्ट में लिखा ‎कि जीवन बहुत अप्रत्याशित है। एक बहुत अच्छी अभिनेत्री, प्रिय मित्र वैभवी उपाध्याय, जो साराभाई बनाम साराभाई की जैस्मीन के रूप में जानी जाती हैं, का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि अचानक टर्न पर गाड़ी ने कंट्रोल खो दिया और कार खाई में जा गिरी, वैभवी की मौके पर ही मौत हो गई।

वैभवी के निधन की खबर सुन हर कोई सदमे में हैं। एक्टर देवेन भोजानी ने भी ट्वीट कर लिखा- शॉकिंग, एक बहुत अच्छी एक्ट्रेस और एक अच्छी दोस्त वैभवी उपाध्याय जिन्हें साराभाई वर्सेज साराभाई की जैस्मिन के रूप में जाना जाता है वो अब हमारे बीच नहीं रहीं। वैभवी उपाध्याय टीवी शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई 2’ के अलावा, ‘क्या कसूर है अमला का’, वेब सीरीज ‘प्लीज फाइंड अटैच्ड’ में भी अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकी थी।

अनुपमा फेम नितेश पांडे नहीं रहे

 

अभिनेत्री वैभवी के सदमे से अभी प्रशंसक उबर भी नहीं पाए कि अनुपमा फेम एक्टर नितेश पांडे ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया है। खबर के मुताबिक, अभिनेता का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है। इस खबर के सामने आने के बाद पूरे मनोरंजन जगत में हड़कंप मच गया। 51 वर्षीय नितेश पांडे का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। नितेश पांडे टीवी की दुनिया का काफी चर्चित चेहरा थे। उन्होंने कई सीरियल्स में दमदार सपोर्टिंग रोल प्ले किए हैं। उन्हें धारावाहिक ब्रह्मांड में लोकप्रिय भाई और पिता के रूप में उनकी भूमिका के लिए जाना जाता है। नितेश के यूं अचानक चले जाने से सेलेब्रिटीज के साथ-साथ फैंस को भी गहरा सदमा लगा है। नितेश पांडे का जन्म 17 जनवरी 1973 को हुआ था। एक्टिंग का शौक रखने वाले नितेश ने 1990 में थिएटर से अपने करियर की शुरुआत की थी।

 

इसके बाद उन्होंने टीवी की दुनिया में कदम रखा। उन्हें मंजिली अपनी अपनी, अस्तित्व एक प्रेम कहानी, साया, जस्टजू, दुर्गा नंदिनी जैसे शोज में अहम किरदारों में देखा गया था। उन्हें रूपाली गांगुली के मशहूर शो अनुपमा में धीरज कपूर के रूप में देखा गया था। नितेश का अपना प्रोडक्शन हाउस भी है। उनके निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने 1998 में अभिनेत्री अश्विनी कालस्कर से शादी की थी। लेकिन 2002 में वे अलग हो गए। बहरहाल मनोरंजन जगत के लिए यह एक दुखद सप्ताह रहा है। आदित्य सिंह राजपूत, सुचंद्र दासगुप्ता, वैभवी उपाध्याय और अब नितेश पांडे के निधन से पूरा मनोरंजन जगत हिल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *