भोपाल, 18 फरवरी। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यालय के अंदर ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे की जमकर पिटाई कर दी। दरअसल गुरूवार को कांग्रेस कार्यालय में 20 फरवरी को होने वाले भोपाल बंद की तैयारियों पर रणनीति तय करने बैठक बुलाई गई थी। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा, पूर्व महापौर विभा पटेल सहित कई नेता मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पूर्व महापौर विभा पटेल के समर्थक धर्मेंद्र राय और एक अन्य कार्यकर्ता के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस पर दोनों से समर्थक मैदान में कूद पड़े।  मारपीट का एक वीडियो भी वायरल हो गया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता एक दूसरे पर टूटे पड़ रहे हैं।  

वायरल वीडियो में सामने आई कांग्रेस की संस्कृति

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आपसी मारपीट के वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कार्यकर्ता आपस में गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं। इस घटना के फौरन बाद वहां मौजूद संवाद माध्यमों के प्रतिनिधियों को कार्यालय से बाहर भेज दिया गया। घटना का कवरेज भी रुकवा दिया कर दिया गया।ज्ञातव्य है कि मध्यप्रदेश में जल्द ही नगरीय निकाय चुनाव होने हैं, लिहाजा राजनीतिक दल पूरी ताकत से जुट गए हैं। टिकिटार्थी भी अपने-अपने गुटों को साधने और ताकत दिखाने में मशगूल हैं। इसलिए इस तरह के झगड़े अब और आम होने वाले हैं।

गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने 20 फरवरी को भोपाल बंद की रणनीति को लेकर बैठक बुलाई थी। बैठक में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी मौजूद थे। बैठक में बंद कराने को लेकर पदाधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्र बांटे जा रहे थे। कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में दूसरे को बंद की जिम्मेदारी देने को लेेकर आपत्ति जताने लगे। कुछ ही देर में हाथापाई शुरू हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है, कांग्रेस जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा के बेटे अनिल मिश्रा और उनके समर्थक दो अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने लगे। इसमें एक कार्यकर्ता पूर्व महापौर विभा पटेल का समर्थक धर्मेन्द्र राय बताया जा रहा है।

बैठक में मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। घटना का मीडिया को भी कवरेज करने से रोक दिया गया। मामले पर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी चुप्पी साध ली है। बैठक में कांग्रेस के कार्यालयीन मंत्री महेन्द्र सिंह चौहान, गोविंद गोयल, शेखर सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

पहले भी उलझते रहे हैं कांग्रेस कार्यकर्ता

यह पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है। करीब एक महीने पहले ऐसा ही कुछ मंदसौर कांग्रेस कार्यालय में भी देखने को मिला था। यहां किसी बात को लेकर पार्टी के दो गुट आपस में भीड़ गए थे। दोनों गुटों के बीच जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। मारपीट में बीच-बचाव करने के दौरान शहर के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष खलील शेख और कांग्रेस नेता सोमिल को काफी चोटे भी लगी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *