राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बन गई कांग्रेस छोड़ो यात्रा
यात्रा में आगे-आगे कांग्रेस के भाई साहब, पीछे-पीछे फुल स्टॉप
इस चुनाव में एक तरफ सबका भला करने वाले, दूसरी तरफ सबको लूटने वाले
जिन्होंने राम को ठुकराया, अब जनता उन्हें ठुकराएगी- डॉ. मोहन यादव
सीधी। कांग्रेस के लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए। वो पूछते थे- भगवान राम कहां पैदा हुए? सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भी ये नहीं माने। इन्होंने अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के शिलान्यास पर भी सवाल उठाए। इन्होंने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया। अब देश-प्रदेश की जनता इन्हें सबक सिखाएगी। इन्होंने राम को ठुकराया, अब जनता इनके प्रत्याशी को ठुकराएगी। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी में पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्र की नामांकन सभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, प्रदेश सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल, श्रीमती रीति पाठक सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। सभा के उपरांत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव नामांकन रैली में शामिल हुए और पार्टी प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्रा का नामांकन जमा कराया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी, डिंडौरी एवं जबलपुर में जनसभाओं को संबोधित किया।
कांग्रेस में कोई चुनाव लड़ने को तैयार नहीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूरे देश और मध्यप्रदेश में लगभग दो दलीय व्यवस्था है और भाजपा के सामने कोई न कोई कांग्रेस का प्रत्याशी ही आता रहा है। सीधी में आज हमारा जोरदार शुभारंभ हो रहा है और पार्टी प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्र भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेकर अपना नामांकन जमा कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस का कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं आया। कांग्रेस की अभी से ये हालत है और पूत के पांव पालने में ही दिखाई देने लगे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में 29 लोकसभा सीटें है लेकिन कांग्रेस में बड़े से बड़े नेता चुनाव लड़ने को तैयार नहीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने पद यात्रा निकाली, लेकिन यह यात्रा जहां-जहां से निकली, लोग कहते हैं वह कांग्रेस छोड़ो यात्रा बन गई। जिस रास्ते से कांग्रेस के नेता आगे गए, लोग कांग्रेस छोड़ते चले गये। आगे-आगे कांग्रेस के भाईसाब और पीछे-पीछे फुल स्टॉप। शायद इस स्थिति को समझते हुए ही भाईसाहब का रास्ता छोटा रखा गया था।
भाजपा वो पार्टी, जिसका नेतृत्व अटलजी जैसे नेता ने किया
डॉ. यादव ने कहा कि जनसंघ के जमाने से स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी खाटी नेता रहे। उन्होंने एक सामान्य व्यक्ति के रूप में अपना जीवन शुरू किया, लेकिन उनके असामान्य व्यक्तित्व को सारी दुनिया ने देखा और महसूस किया है। अपने जीवन का क्षण-क्षण और शरीर का कण-कण देश सेवा के लिए समर्पित करने वाले स्व. अटल बिहारी वाजपेयी विपक्ष के नेता रहे। उनके समय में कांग्रेस के 5-5 प्रधानमंत्रियों का कार्यकाल निकला, लेकिन वो लेश मात्र भी कभी घबराये नहीं, लेश मात्र भी कभी चिंता नहीं की। वो अपने सिद्धांतों के साथ अडिग चट्टान की तरह खड़े रहे। भारतीय जनता पार्टी ऐसे नेता की पार्टी है। हम उस पार्टी के लोग हैं जिसका नेतृत्व स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी जैसे नेता ने किया।
ये चुनाव भला करने वालों और लूटने वालों के बीच है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूरी दुनिया अगर भारत को जानती है तो उसके दर्शन के कारण जानती है, भारत की मानवता पर आधारित नीतियों के कारण जानती है। इसलिए हमारी अच्छाई और सच्चाई के आधार पर हजारों साल से लोग भारत को विश्वगुरू के रूप में देखते रहे हैं। काल के प्रवाह में कई लोगों ने हम पर आक्रमण किए, कई लोग लूटने आए, लेकिन दुनिया जानती है कि हमने अपना रास्ता नहीं बदला। भारत के लोग नहीं बदले। इसलिए इकबाल ने लिखा है कि-कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी। हम तो उस देश के वासी हैं जहां भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और ऐसे तमाम ऋषि-मुनियों ने अपने जीवन से मानवता को स्थापित करके दिखाया। इसलिए हमारे यहां माना जाता है-वसुधैव कुटुंबकम। सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामयः। हम सब में बांट देने वाले ऋषियों की संतानें हैं, जिन्होंने दुनिया का सदैव भला किया। लेकिन इस चुनाव में एक तरफ भला करने वाले और दूसरी तरफ लूटने वाले लोग हैं। एक तरफ अच्छाई बांटने वाले और दूसरी तरफ सच्चाई छिपाने वाले लोग। एक तरफ वो सारे लोग जो भारत की अच्छाइयों को नकारते हैं, जो हमारी संस्कृति को नकारते हैं, जो भाई को भाई से लड़ाना जानते हैं, जिनके लिए कुर्सी ही सब कुछ है। दूसरी तरफ वो लोग हैं, जो भारत की सनातन परंपरा को वैश्विक पटल पर लहराने के लिए काम कर रहे हैं।
कांग्रेसी भी कह रहे ’अबकी बार, 400 पार’
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की पहचान विश्व में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में बनी है। प्रधानमंत्री जी ने जीवन का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं छोड़ा है, जहां विकास न हुआ हो। लगातार दो कार्यकालों में देश का नेतृत्व करने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तीसरी बार सरकार बनाने की तरफ बढ़ रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि यह बात सिर्फ भाजपा के लोग नहीं कह रहे, बल्कि लोकसभा में कांग्रेस के नेता भी इसे स्वीकार कर चुके हैं। अबकी बार-400 पार का हमारा नारा अब कांग्रेस के लोग लगा रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि हमने विधानसभा चुनाव के समय नारा दिया था कि ’मध्यप्रदेश के मन में मोदी और मोदी के मन में मध्यप्रदेश’। आज वह नारा हर तरफ साकार होता दिखाई दे रहा है। प्रदेश में जब से हमारी सरकार बनी है, लगातार विकास के काम हो रहे हैं। विकास का यह सिलसिला चलता रहे, इसके लिए केंद्र में फिर मोदी सरकार बनना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने लोकसभा प्रत्याशी का नामांकन दाखिल कराया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी लोकसभा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्र का नामांकन जमा कराया। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल एवं धौहनी विधायक श्री कुंवर सिंह टेकाम उपस्थित रहे।
ढोल नगाड़ों और नृत्य के बीच निकाला रोड शो
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, श्रीमती राधा सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान सहित सभी नेताओं ने भव्य रथ में सवार होकर विशाल रोड शो किया, जिसमें परंपरागत लोक नृत्य के बीच ढोल नगाड़े के साथ काफिला छत्रसाल स्टेडियम से लेकर कलेक्ट्रेट तक पहुंचा। काफिले में हजारों समर्थकों एवं लाड़ली लक्ष्मी और लाडली बहनों ने कलश लेकर उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी जी ने दिया जनजातीय क्रांतिवीरों को सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी के पश्चात् डिंडोरी जिले के बालपुर में स्थित रानी अवंतीबाई लोधी स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की एवं आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज रानी अवंतीबाई लोधी जी का बलिदान दिवस है, हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। यह हमारे देश की विशेषता रही है कि हम मातृ सत्ता के आधार पर देश की संकल्पना करते हैं। दुनिया का कोई भी अन्य देश मातृ सत्ता को इतना महत्व नहीं देता। हम अगर भगवान का भी नाम लेते हैं, तो सीताराम, राधेकृष्ण कहते हैं। देश का नाम लेते हैं तो भारतमाता की जय बोलते हैं। हम अपनी वसुधा को ही अपनी माता के रूप में देखते हैं। डॉ. यादव ने कहा कि मुझे गर्व है कि ऐसी वीरांगनाओं की लंबी श्रृंखला हमारे पास जिन्होंने अपने देश और संस्कृति को बचाने के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। रानी दुर्गावती, रानी अवंती बाई झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाओं ने अपने बलिदान से देश को गौरान्वित किया है। डॉ. यादव ने कहा कि इस भूमि ने हमेशा शौर्य और पराक्रम का सम्मान किया है। हम इस भूमि को नमन करते हैं। डॉ. यादव ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जनजातीय वीरांगनाओं और क्रांतिवीरों को जो सम्मान दिया, समाज की बेहतरी के लिए जो कदम उठाए, उसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि मध्यप्रदेश में जब हमारी सरकार बनी, तो हमने पहली कैबिनेट की मीटिंग जबलपुर में की, जो रानी दुर्गावती और रानी अवंतीबाई वीरांगनाओं को समर्पित थी। कार्यक्रम को पार्टी प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल, श्रीमती संपतिया उइके, पूर्व विधायक जालम सिंह पटेल एवं कोकसिंह नरवरिया ने भी संबोधित किया।
सीधी एवं डिंडोरी में कई कांग्रेसी हुए भाजपा में शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष सीधी में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद गुप्ता, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कन्हैया सिंह चौहान ने अपने हजारों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहीं डिंडोरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रेवा शंकर पाण्डे, डिंपल दीक्षित, लक्ष्मी तिवारी सहित 40 से अधिक कांग्रेसियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सीधी में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कांति देव सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं संभागीय संगठन प्रभारी रणवीर सिंह रावत, प्रदेश मंत्री एवं जिला संगठन प्रभारी राजेश पांडे, सिंगरौली जिला संगठन प्रभारी प्रज्ञा त्रिपाठी, सिंगरौली जिला अध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, विधायक कुंवर सिंह टेकाम, विश्वामित्र पाठक, शरद कोल, रामनिवास शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू राम सिंह मंचासीन रहे।
Ira Singh Khabar Khabaron Ki,10 July'25 Union Finance Minister Nirmala Sitharaman on Wednesday urged non-banking financial…
Ira Singh Khabar Khabron Ki,9 July'25 Former British Prime Minister Rishi Sunak has returned to…
Ira Singh Khabar Khabaron Ki,08 July'25 U.S. President Donald Trump has announced sweeping new tariffs,…
Ira Singh Khabar Khabaron Ki,07 July'25 Union Finance Minister Nirmala Sitharaman held a series of…
Ira Singh Khabar Khabaron Ki,06 July'25 India has emerged as the fourth-most equal country in…
Ira Singh Khabar Khabaron Ki,04 July'25 India’s foreign exchange reserves surged by Rs 41,359 crore…