देश

मध्यप्रदेश तेजी से विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त करता रहेगा : प्रधानमंत्री मोदी

17 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का वर्चुअली लोकार्पण एवं शिलान्यास

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नवाचार के कार्यक्रम हो रहे हैं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

ग्वालियर – चंबल संभाग के अंतर्गत 609.34 करोड़ से अधिक लागत के 1324 कार्यों का हुआ लोकार्पण व शिलान्यास

ग्वालियर जिले में लगभग 116 करोड़ लागत के 86 विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण व शिलान्यास

जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों व नगरीय निकायों में मंत्रिगण व वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के आतिथ्य में हुआ कार्यक्रमों का आयोजन

भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त करता रहेगा। विकास परियोजनाएं और कार्य मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने के साथ जनता के जीवन को आसान बनायेंगी। इनसे निवेश, नौकरियां और स्वरोजगार के अवसर बढेंगे। प्रधानमंत्री मोदी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में “विकसित भारत-विकसित मध्यप्रदेश” कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल मंगु भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम का शुभांरभ किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण के लिए केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार खेती, उद्योग और टूरिज्म पर अधिक बल दे रही है। मां नर्मदा पर तीन परियोजनाओं का भूमि पूजन, जनजातीय क्षेत्र में सिंचाई के साथ-साथ पेयजल की समस्या का समाधान भी करेगा। सिंचाई के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में नई क्रांति होते दिख रही है। केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड के लाखों परिवारों का जीवन बदलने वाला है। वर्ष 2014 से पहले 10 वर्षों में 40 लाख हेक्टेयर भूमि को सूक्ष्म सिंचाई के दायरे में लाया गया था लेकिन पिछले 10 वर्षों में 90 लाख हेक्टेयर भूमि को सूक्ष्म सिंचाई से जोड़ा गया है।

साइबर तहसील, ग्रामीण परिवारों का समय और धन बचाएगी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रदेश में साइबर तहसील का शुभारंभ किया जा रहा है। साइबर तहसील के माध्यम से जमीन का नामांतरण रजिस्ट्री और अन्य मामलों का समाधान डिजिटल माध्यमों से त्वरित रूप से हो जाएगा। इससे ग्रामीण परिवारों का समय और धन दोनों बचेगा। यह समय और धन ग्रामीण परिवार कृषि और उससे जुड़े अन्य रोजगार में लगाएगा। इस तरह से उसकी आय में भी वृद्धि होगी और जीवन आसान होगा।

विक्रमोत्सव हमारी गौरवशाली विरासत और विकास का उत्सव

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विक्रमोत्सव हमारी गौरवशाली विरासत और विकास का उत्सव है। समृद्धशाली विरासत और विकास कार्य कैसे एक साथ उत्सव के रूप में मनाये जाते हैं, यह उसका प्रमाण है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पूरे विश्व में वैदिक गणना की केंद्र रही है। प्राचीन समृद्ध इतिहास को फिर से स्मरण करते हुए विश्व की पहली विक्रमादित्य वैदिक घड़ी उज्जैन में स्थापित की जा रही है। यह हमारे समृद्ध अतीत को याद करने का सिर्फ अवसर नहीं है बल्कि भारत को विकसित बनाने के क्रम का साक्षी बनने का मौका भी है।

700 लाख मीट्रिक टन अनाज के भंडारण के लिए होगा सवा लाख करोड़ से अधिक का निवेश

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसानों की एक बड़ी समस्या अनाज के भंडारण की रही है। इस समस्या के निवारण के लिए भंडारण की सबसे बड़ी योजना पर कार्य किया जा रहा है। लगभग 700 लाख मीट्रिक टन अनाज के भंडारण के लिए सरकार सवा लाख करोड़ से भी अधिक का निवेश करेगी, जिससे किसानों को उनकी फसल का बढ़ा हुआ और सही दाम मिलेगा।

गांव को बनाएंगे आत्मनिर्भर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार गांवों को आत्मनिर्भर बनाने पर अधिक बल दे रही है। आत्मनिर्भर गांव ही आत्मनिर्भर प्रदेश और आत्मनिर्भर देश का निर्माण करेंगे। इसके लिए देश में सहकारिता के विस्तार पर अधिक बल दिया जा रहा है। गांव में लाखों सहकारिता समितियों का गठन किया जा रहा है। खेती, पशुपालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और अन्य माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि का प्रयास किया जा रहा है। किसानों को उनकी भूमि का स्वामित्व और स्वामित्व से जुड़ी अन्य समस्याओं के निवारण के लिए पीएम स्वामित्व योजना के जरिए स्थायी समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है। मध्यप्रदेश, स्वामित्व योजना के तहत अच्छा कार्य कर रहा है। प्रदेश के गांवों का ड्रोन के माध्यम से शत प्रतिशत सर्वे किया जा चुका है। अभी तक 20 लाख से अधिक स्वामित्व कार्ड दिए जा चुके हैं। इन स्वामित्व कार्ड के उपयोग से निर्धन परिवार कई तरह के विवादित कार्यों से बचा रहेगा।

निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करना मोदी का संकल्प

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करना मोदी का संकल्प है। आने वाले समय में मध्यप्रदेश देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में शामिल होगा। आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया का मध्य प्रदेश एक प्रमुख स्तंभ है। मुरैना के सीतापुर में मेगा लेजर एंड फुटवियर क्लस्टर, इंदौर में रेडीमेड गारमेंट इंडस्ट्री पार्क, मंदसौर के इंडस्ट्रियल पार्क का विस्तार और धार इंडस्ट्रियल पार्क का नवीन निर्माण, यह सभी इसी दिशा में उठाए जा रहे प्रमुख कदम है। मध्य प्रदेश में खिलौने बनाने की पुरानी परंपरा रही है, लेकिन पुराने समय में हमारे बाजार और घर विदेशी खिलौनों से भरे पड़े थे। सरकार ने देश में खिलौने बनाने वाले पारंपरिक परिवारों को विश्वकर्मा योजना के तहत मदद दी, जिसके कारण भारत में खिलौनों का आयात कम हो गया। वर्तमान में हम आयात से अधिक विदेशों में खिलौनों का निर्यात कर रहे हैं। बुधनी के खिलौने बनाने वाले साथियों के लिए यह अच्छा अवसर है। देश की कला और कौशल के प्रचार का जिम्मा भी मोदी का है। विदेशी अतिथियों को कुटीर उद्योग में बना सामान उपहार में देता हूं तो आपकी कला और कौशल का प्रचार करने का पूरा प्रयास करता हूं।

एमपी अजब है सबसे गजब है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में पूरे विश्व में भारत की साख बढ़ी है। भारतीयों को सम्मान की नजर से देखा जाता है। भारत की इस बढ़ी हुई साख का सीधा लाभ निवेश और पर्यटन के क्षेत्र में होता है। आज अधिक से अधिक लोग भारत आना चाहते हैं। भारत आएंगे तो मध्य प्रदेश आना स्वाभाविक है, क्योंकि “एमपी अजब है सबसे गजब है।” पिछले कुछ वर्षों में ममलेश्वर, ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। ओंकारेश्वर में आदि गुरु शंकराचार्य की स्मृति में निर्माण किया जा रहे, एकात्म धाम से यह संख्या और अधिक बढ़ेगी। 2028 में सिंहस्थ कुंभ होने जा रहा है। इंदौर के इच्छापुर से ओंकारेश्वर तक चार लेन सड़क के बनने से श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधा होगी। अभी हाल में प्रदेश के 30 रेलवे स्टेशनों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। इससे कनेक्टिविटी और सशक्त होगी कनेक्टिविटी बेहतर होती है तो इसका सीधा लाभ खेती, उद्योग, पर्यटन आदि सभी क्षेत्रों में मिलता है।

आने वाले 5 वर्ष बहनों और बेटियों के अभूतपूर्व सशक्तिकरण के वर्ष

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्ष नारी शक्ति के उत्थान के वर्ष रहे हैं। मोदी की गारंटी थी कि माता बहनों के जीवन की हर असुविधा और हर कष्ट को दूर करने का ईमानदारी से प्रयास किया जाएगा। इन्हीं प्रयासों को जारी रखते हुए यह विश्वास है कि आने वाले 5 वर्ष हमारे बहनों और बेटियों के अभूतपूर्व सशक्तिकरण के वर्ष होंगे। आने वाले वर्षों में हर गांव में अनेक लखपति दीदी बनेंगी। गांव की बहनें नमो ड्रोन दीदियां बनाकर खेती में नई क्रांति का आधार बनेगी। बहनों की आर्थिक स्थिति में अभूतपूर्व सुधार आएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने डिंडोरी सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों और घायलों के परिजनों को संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में वह मध्यप्रदेश के परिवारों के साथ हैं।

प्रदेश में कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सिंचाई सुविधा बड़ी उपलब्धि है- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से मैं यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करता हूँ। डबल इंजन की सरकार विकास के नए सौपान गढ़ती चली जा रही है। प्रदेश में कृषि के उत्पादन क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बढ़ाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना की सौगात भी मध्यप्रदेश को मिली है। केन-बेतवा परियोजना आखरी चरण में है, जो जल्दपूरी होगी और सिंचाई के क्षेत्र में किसानों को लाभ होगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में नवाचार के कार्यक्रम लगातार हो रहे हैं।

प्रदेश में विकास का क्रम जारी रहेगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में रोजगार और विकास के लिए औद्योगिक समिट हो रही है। उज्जैन क्षेत्रीय समिट होने जा रही है, जिससे उद्योगों की नई श्रंखला प्रदेश में प्रारंभ होगी। प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। काल गणना की नगरी उज्जैन आदिकाल से अपने खगोल ज्ञान के लिए जानी जाती रही है। विक्रमादित्य वैदिक घड़ी अद्भुत है, जिसकी आज शुरूआत हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुशासन के क्षेत्र में प्रगति हुई है, दुनिया हमें देख रही है। प्रदेश में विकास के क्रम को लगातार बनाए रखेंगे।

विक्रमादित्य वैदिक घड़ी एवं विकास कार्यों का किया लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का वर्चुअली लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें सिंचाई, बिजली, सड़क, रेल, जल आपूर्ति, कोयला, उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मध्यप्रदेश में साइबर तहसील परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने उज्जैन में विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का लोकार्पण भी किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने जिन कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया, उनमें ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों के 609.34 करोड़ से अधिक लागत के 1324 कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास शामिल हैं। भोपाल के लाल परेड मैदान में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश सरकार के मंत्रिगणों की गरिमामयी मौजूदगी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम से बड़ी संख्या में जुड़े नागरिक

भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ला, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राजस्व मंत्री  करण सिंह वर्मा, जल संसाधन मंत्री  तुलसी सिलावट, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, सांसद श्री वी.डी. शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय तथा अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 230 विधानसभा क्षेत्रों से 15 लाख से अधिक लोग वर्चुअली शामिल हुए। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की विकास गाथा की लघु वीडियो फिल्म भी दिखाई गई।

ग्वालियर जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों और प्रत्येक नगरीय निकायों में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। जिनमें प्रधानमंत्री श्री मोदी का उदबोधन और भोपाल में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी हुआ। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ग्वालियर जिले के अंतर्गत लगभग 116 करोड़ रूपए लागत के 86 विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण व शिलान्यास किया। इन कार्यों में जल जीवन मिशन के तहत 53 ग्रामों की नल-जल योजनायें, सड़क मार्ग व पुल-पुलियाँ इत्यादि अधोसंरचनागत कार्य शामिल हैं। नल-जल योजनाओं के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। अब इन गाँव के हजारों हजार लोगों को पानी के लिये हैण्डपम्प पर लाईन लगाने की जरूरत नहीं रही है। नल-जल योजना के तहत हर घर में नल की टोंटी से पानी उपलब्ध होने लगा है। इसी तरह पक्की सड़कें बनने से लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिली है।

ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में सांसद शेजवलकर व पूर्व मंत्री कुशवाह की मौजूदगी में हुआ आयोजन

जिले के ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विक्रांत यूनिवर्सिटी प्रांगण में सांसद  विवेक नारायण शेजवलकर एवं पूर्व मंत्री  भारत सिंह कुशवाह के आतिथ्य में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में 15 करोड़ 45 लाख रुपए लागत के 21 कार्यों का लोकार्पण हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने प्रधानमंत्री स्वनिधि, उज्ज्वला योजना, मातृ वंदना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत लगभग दो दर्जन हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश चंदेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। यहाँ पर आयोजित कार्यक्रम में जिन कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ उनमें शहर के वार्ड-65 में कायाकल्प अभियान के अंतर्गत वीरपुर लोहार की पुलिया से एबी रोड़ तक डिवाइडर निर्माण एवं डामरीकरण कार्य, वार्ड क्र.-62 शीतला पुरम गौशाला में सीसी रोड़ निर्माण कार्य, वार्ड-63 मऊ की विभिन्न गलियों में सीसी रोड़ निर्माण कार्य, वार्ड क्र.-64 पुरानी छावनी बीजासेन माता के आसपास गलियों में सीसी रोड़ एवं नाली निर्माण कार्य तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम डंगोरा, धनेली, बेनीपुरा, चक सोनपुरा, गनपतपुरा, गूजना, इकोना, डांगगुठीना, दंगियापुरा, दयेली, खेड़ी, सिहारा, भोलाकला, हीरी, भेलाखुर्द, डबरा एवं रिपुआपुरा में बनकर तैयार हुईं नल जल योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। कार्यक्रम में राजेन्द्र पाल, शिव सिंह यादव, भूपेन्द्र सिंह, राजेन्द्र बघेल, गिर्राज मावई सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में ऊर्जा मंत्री तोमर के मुख्य आतिथ्य में हुआ कार्यक्रम का आयोजन

ग्वालियर में विकास की गति अब रुकने वाली नहीं है – तोमर

ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बिरलानगर स्थित चार नम्बर लेन परिसर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर तोमर ने कहा कि ग्वालियर में विकास के नए-नए आयाम जुड़ रहे हैं और ग्वालियर बदल रहा है। विकास की यह गति अब रुकने वाली नहीं है। यहाँ पर 26 करोड़ 37 लाख रूपए लागत के एक दर्जन कार्यों का लोकार्पण हुआ। जिनमें विनयनगर सौ फुटा रोड़ पर डामरीकरण एवं डिवाइडर निर्माण कार्य नौगजा पुलिस चौकी से मरीमाता रेलवे क्रॉसिंग तक डामरीकरण कार्य, स्टेट बैंक चौराहे से आरामिल रेलवे की पट्टी तक डामरीकरण निर्माण कार्य, रेलवे फाटक रामदास घाटी से घोसीपुरा रेलवे स्टेशन होते हुए एबी रोड़ तक डामरीकरण कार्य, गांधीनगर रेलवे कोचिंग से कांति नगर लोको तक डामरीकरण, चन्द्रनगर मेन रोड डामरीकरण, विनय नगर सेक्टर-4 डामरीकरण, शासकीय भगवत सहाय महाविद्यालय ग्वालियर में 6 कक्ष भवन का निर्माण कार्य, तानसेन नगर से रेसकोर्स रोड़ निर्माण कार्य, गेंडे वाली सड़क निर्माण कार्य एवं आईआईटीएम के सामने जिला खेल परिसर के निर्माण कार्य का लोकार्पण शामिल है।

ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री माया सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ आयोजन

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर पूर्व क्षेत्र के अंतर्गत बाल भवन में पूर्व मंत्री माया सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुए कार्यक्रम में 12 करोड़ 15 लाख रूपए लागत के 9 विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ। जिनमें कृष्णा नगर में चाय किराना स्टोर से मुक्ति धाम तक डिवाइडर एवं नाली, सड़क डामरीकरण निर्माण कार्य, आदित्य प्लाजा से मुरार श्मशाम तक डामरीकरण एवं नाली निर्माण कार्य, नाका चौराहे से मांडरे की माता तक डामरीकरण रोड़ निर्माण कार्य, रोशनीघर मेन रोड़ शहीद स्तम्भ और अचलेश्वर के सामने वाली सड़क पर डामरीकरण रोड़ निर्माण, प्रभा होटल के बगल से कमिश्नरी ऑफिस तक एवं प्रभा होटल के पीछे वाली रोड़ पर हरीशंकरपुरम में डामरीकरण रोड़ एवं नाली निर्माण कार्य, मंगल भवन के सामने जोश बेकरी तक मंगल भवन के पीछे बीएच 112 के सामने व डी सेक्टर पार्क के सामने डीएच 55 से डीएच 84 तक डामरीकरण रोड़ एवं नाली निर्माण कार्य, दीनदयालनगर डीएम सेक्टर में विभिन्न गलियों में डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य, कलेक्ट्रेट कार्यालय की फेंसिंग कार्य एवं अन्य कार्य एवं चन्द्रबदनी नाका से रेलवे ट्रेक सड़क उन्नयन कार्य का लोकार्पण शामिल हैं। कार्यक्रम में बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री मुन्नालाल गोयल व भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अभय चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में मंत्री श्री कुशवाह की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम

विकास और जनकल्याण के कामों में और तेजी आयेगी – कुशवाह

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर दक्षिण के अंतर्गत महाराज बाड़ा पर टाउन हॉल में सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री  नारायण सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुए कार्यक्रम में 10 करोड़ 90 लाख रूपए लागत के तीन कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया गया। मंत्री कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर का सुनियोजित विकास हो रहा है। विकास और जनकल्याण के कामों में और तेजी आयेगी। जिन कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ, उनमें वार्ड-44 हुजरात चौराहे से दौलतगंज मेन रोड़ तक सडक डामरीकरण कार्य, गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय ग्वालियर में कार्डियोलॉजी ब्लॉक का निर्माण कार्य एवं बेटी बचाओ तिराहे से लोहार की पुलिया शामिल हैं। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति मनोज तोमर एवं नेता प्रतिपक्ष श्री हरिपाल एवं पार्षदगण उपस्थित थे।

विधानसभा क्षेत्र भितरवार में विधायक राठौर की मौजूदगी में हुआ आयोजन

जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र भितरवार के अंतर्गत चीनौर में विधायक मोहन सिंह राठौर के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर 19 करोड़ 60 लाख रूपए लागत के 18 कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ। जिनमें करहिया एमडीआर से डोंगरपुर एमडीआर वाया रिठोंदन, स्याउ, रिछारीखुर्द, जतर्थी की आरडी 4000 मीटर पर स्थित ब्रिज कार्य, जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम बागवई, देवगढ़, भेंगना, दौलतपुर, किशोरगढ़, मावठा, घरसौंदी, हिम्मतगढ़, पिपरौ, खेड़ी टांका, रही, ररूआ, रिछारीखुर्द, सिंघारन, स्याऊ, सभराई एवं उम्मेदगढ़ की नल-जल योजनाओं का लोकार्पण शामिल हैं।

डबरा विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री इमरती देवी की उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम

जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र डबरा (अजा) के अंतर्गत डबरा के कम्युनिटी हॉल डबरा में पूर्व मंत्री इमरती देवी के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें 31 करोड़ 51 लाख रुपए लागत के 23 कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया। जिनमें ग्वालियर झाँसी रोड़ (एनएच 75) से एमडीआर डबरा सिंहपुर रोड वाया चिरूली, मसूदपुर, बीरमढ़ाना व खेरिया मार्ग, डबरा सिंहपुर रोड (एमडीआर) से पिछोर इंदरगढ़ रोड़ एमडीआर वाया सहोना, निवी, केंथोदा, बाबूपुर मार्ग, डबरा भितरवार रोड एमडीआर से पवाया वाया बिजकपुर धूमेश्वर टर्न, नोन नदी की आरडी 1010 मीटर पर स्थित ब्रिज कार्य, हाईस्कूल भवन नौगांव का निर्माण कार्य, जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम सुनवई, बेरू, लखिया, गुलिहाई, गतारी, चितावनी, ऐंती, धमनिका, धिरोरा, झांडोली, दफाई, जरावनी, जतर्थी, करियावटी, खड़बई, छतरपुर, नुन्हारी, पुट्टी एवं ग्राम सिरोल आदिवासी दफाई में नल जल योजनाओं के  कार्य शामिल हैं।

Gaurav

Recent Posts

Manufacturing Output Growth Slips to 3-Month Low on Weak Demand, India-Pakistan Conflict

Ira Singh Khabar Khabaron Ki,05 June’25 India’s manufacturing sector lost some momentum in May, with…

3 weeks ago

GST Collections Rise 16.4% to Over Rs2.01 Lakh Crore in May, Imports Drive Growth Surge

Ira Singh Khabar Khabaron ki,02 June’25 India’s Goods and Services Tax (GST) collections continued their…

3 weeks ago

India’s FY25 Fiscal Deficit Stays Within Target at 4.8% of GDP

Ira Singh Khabar Khabaron Ki,01 June’25 The central government managed to meet its fiscal deficit…

3 weeks ago

India’s GDP Grows 7.4% in March Quarter, FY25 Growth Slows to 6.5

Ira Singh Khabar Khabaron Ki,31 May'25 India’s economy expanded by 7.4% in the March quarter…

3 weeks ago

Narayana Murthy Funds IIM Ahmedabad’s First Inflation-Proof MBA Scholarship: Here’s How It Works

Ira Singh Khabar Khabaron Ki,31 May’25 Infosys founder NR Narayana Murthy has launched a pioneering,…

3 weeks ago

India’s Economy More Than Half the Size of US in PPP Terms, Says NITI Aayog VC Suman Bery

Ira Singh Khabar Khabaron Ki,30 May’25 India’s economy has reached a significant milestone, with its…

4 weeks ago